Punjab News: पंजाब में राजनीतिक बयानबाजी के बीच आम आदमी पार्टी के नेता Baltej Pannu ने कांग्रेस नेता Sukhpal Singh Khaira पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के हालिया फैसले ने यह साबित कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट के अनुसार, मामला सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और सार्वजनिक रास्ते पर लगाए गए गेट से जुड़ा हुआ था। हाईकोर्ट ने माना कि यह गेट सार्वजनिक रास्ते में बाधा उत्पन्न कर रहा था, जिससे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसी आपातकालीन सेवाओं को दिक्कत हो सकती थी।
बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि जब प्रशासन अवैध कब्जा हटाने पहुंचा तो सुखपाल सिंह खैहरा ने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने अब इस पूरे मामले पर सख्त टिप्पणी करते हुए खैहरा की याचिका खारिज कर दी है।
हाईकोर्ट ने लगाया ₹6 लाख का जुर्माना
पन्नू के मुताबिक, हाईकोर्ट ने खैहरा की याचिका को “चालाकी से तैयार की गई” बताते हुए खारिज कर दिया और उन पर 6 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। कोर्ट ने यह भी कहा कि अदालत की अवमानना की शक्तियों का इस्तेमाल राजनीतिक या प्रशासनिक विवादों को निपटाने के लिए नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि यह जुर्माना संबंधित पक्षों में बांटा जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि राशि जमा नहीं की गई तो इसे भूमि राजस्व बकाया की तरह वसूला जाएगा।
पन्नू बोले- “झूठ की राजनीति हुई बेनकाब”
बलतेज पन्नू ने कहा कि सुखपाल सिंह खैहरा अक्सर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर विरोधियों के खिलाफ बिना तथ्यों के आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट के फैसले ने अब खैहरा के “झूठ और राजनीतिक ड्रामे” को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला उन सभी लोगों के लिए संदेश है जो राजनीतिक ताकत के दम पर कानून से ऊपर खुद को समझते हैं।
