Punjab News: पंजाब सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने शहीद एएसआई गुरनाम सिंह के पैतृक गांव गदरियां (दीनानगर) पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक, लालजीत सिंह भुल्लर और विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी मौजूद रहे।
नेताओं ने परिवार को ढांढस बंधाया और भगवंत सिंह मान की ओर से भरोसा दिलाया कि सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है।
1 करोड़ की सम्मान राशि और सरकारी नौकरी की घोषणा
सरकार की ओर से दोनों शहीद पुलिस जवानों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई। साथ ही परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया गया।
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि शहीदों की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन सरकार उनके परिवारों की हर संभव मदद करेगी।
दोषियों को सख्त सजा देने का आश्वासन
मंत्री लालचंद कटारूचक ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस जवानों पर हमला केवल पुलिस पर नहीं, बल्कि पंजाब की शांति पर हमला है। शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
सीमा पार साजिशों पर सख्त रुख
मंत्रियों ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करती रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की एकता और भाईचारे को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। युवाओं से अपील की गई कि वे किसी भी बहकावे में न आएं।
विपक्ष पर साधा निशाना
आप नेताओं ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे पुलिस का मनोबल गिराने की राजनीति कर रहे हैं। विधायक शैरी कलसी ने कहा कि जब कोई घटना होती है तो विपक्ष राजनीति करता है, लेकिन जब पुलिस 24 घंटे में आरोपियों को पकड़ लेती है तो वे चुप्पी साध लेते हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया कि पंजाब की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शांति और सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
नेताओं ने दोहराया कि पंजाब सरकार राज्य में अमन-शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जल्द ही शहीदों के परिवारों से स्वयं मुलाकात करेंगे।
