Punjab: फाजिल्का के दौरे में मंत्रियों ने दोहराया, मान सरकार हर हाल में जनता के साथ
Punjab News: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते हुए तनाव को देखते हुए पंजाब में हाई अलर्ट है। पंजाब की भगवंत मान राज्य के लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) ने संकट की घड़ी में अपने नागरिकों को हर संभव सहायता देने का संकल्प लिया है। इसी को लेकर सीएम भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) के निर्देशों के बाद, कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद (Cabinet Minister Tarunpreet Singh Sond) और डॉ. बलजीत कौर (Dr. Baljit Kaur) ने आज फाजिल्का का दौरा किया। फाजिल्का दौरे पर उन्होंने नागरिक प्रशासन की तैयारियों का गहन मूल्यांकन किया और स्थानीय निवासियों से संवाद करके उनका मनोबल बढ़ाया।
ये भी पढे़ंः Punjab: भारत-पाक तनाव के बीच पंजाब सरकार अलर्ट, CM मान ने बुलाई कैबिनेट बैठक
सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
फाजिल्का (Fazilka) दौरे के दौरान, मंत्रियों ने जिला प्रशासन के साथ मीटिंग की और फाजिल्का के सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सभी जरूरी सेवाएं प्रदान की जा सकें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शहर के विभिन्न बाजारों का दौरा किया, जिससे नागरिकों को सरकार का समर्थन और सहयोग महसूस हो सके।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने कहा कि, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस कठिन समय में फाजिल्का और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सशस्त्र बलों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंत्री सोंद ने आगे नागरिक प्रशासन की तैयारियों का भी जायजा लिया और नागरिकों को भरोसा दिलाया कि फाजिल्का में स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। उन्होंने कहा, घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार ने सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं।
ये भी पढे़ंः Punjab: CM मान ने केंद्र-बीबीएमबी पर साधा निशाना, कहा- ‘पंजाब लड़ रहा है बाहर और भीतर के दुश्मनों से’

डॉ. बलजीत कौर ने कही ये बात
इसके अलावा, डॉ. बलजीत कौर ने भी मान सरकार (Mann Government) की प्रतिबद्धता को दोहराया और नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें। उन्होंने सिविल अस्पताल का दौरा किया और स्वास्थ्य सेवाओं, ब्लड बैंक और जरूरी दवाओं की उपलब्धता की भी पुष्टि की। मंत्री ने यह भी कहा कि नागरिक, पुलिस और स्वास्थ्य विभागों की टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
मंत्रियों ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत की और उन्हें शांत रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान, स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रयासों की तारीफ की और सुरक्षा बलों को अपनी पूरी समर्थन देने का संकल्प लिया।
फाजिल्का के ये बड़े अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान फाजिल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह सवाना, बल्लुआना के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी और पूर्व विधायक अरुण नारंग भी उपस्थित थे। फाजिल्का के डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने कहा कि प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक किया है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की घटनाओं की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इस दौरे के दौरान एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़, एडीसी (जनरल) डॉ. मनदीप कौर, एडीसी (विकास) सुभाष चंद्र, एसडीएम कंवरजीत सिंह मान और वीरपाल कौर भी मौजूद थे। मान सरकार के मंत्रियों का यह दौरा यह साबित करता है कि पंजाब सरकार नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ी रहेगी।
