आनंदपुर साहिब हल्के में जल स्रोतों के प्रभावशाली प्रबंधन को यकीनी बनाने के लिए समूचे बुनियादी ढांचे का किया जा रहा है विस्तार एवं मजबूतीकरण: बैंस
Punjab News: पंजाब के शिक्षा मंत्री और आनंदपुर साहिब से विधायक, हरजोत सिंह बैंस ने आज आनंदपुर साहिब हल्के में चल रही बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं में तेजी लाने का आदेश देते हुए संबंधित अधिकारियों को जून 2025 के अंत तक इन कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य दिया है।
ये भी पढ़ें: Punjab: ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ का 103वां दिन 1.7 किलोग्राम हेरोइन, 14 किलोग्राम अफीम सहित 119 नशा तस्कर काबू

आज यहां अपने कार्यालय में जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए, स. हरजोत सिंह बैंस ने आनंदपुर साहिब हल्के में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हल्के में वर्तमान में 14 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 112 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं चल रही हैं। इन परियोजनाओं में नालों और चोओं (मौसमी धाराओं) की सफाई, स्टडज और रेवेटमेंटज (किनारेबंदी) का निर्माण, चेक डैम और सोक पिट्स का निर्माण शामिल है।
वर्षा ऋतु के दौरान इस क्षेत्र को बाढ़ के खतरों से सुरक्षित रखने के संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए, हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस इलाके में जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए समग्र बुनियादी ढांचे का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इन चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का लाभ गांव नक्कियां, महिंदली खुर्द, बहरामपुर, रायपुर साहनी, चांदपुर, मिंढवां, निक्कू नंगल, जिंदवड़ी, तारापुर, भल्लड़ी, रामगढ़ बेला, पहाड़पुर और सद्धेवाल के निवासियों को मिलेगा, जिससे वर्षा के दौरान आने वाली बाढ़ से राहत मिलेगी और बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी।
उल्लेखनीय है कि हरजोत सिंह बैंस ने हाल ही में इन गांवों का कई बार दौरा किया और इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा की गई मांग के मद्देनजर ये बाढ़ सुरक्षा कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बरसातों के मौसम में अचानक बाढ़ के कारण होने वाली तबाही को देखते हुए, राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी है।
