Bihar

Patna: CM नीतीश कुमार ने आर० झुनझुनवाला शंकरा नेत्र अस्पताल, पटना का किया शिलान्यास

बिहार राजनीति
Spread the love

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कंकड़बाग में आर० झुनझुनवाला शंकरा नेत्र अस्पताल, पटना के शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। जन-निजी भागीदारी के तहत बननेवाले इस अतिविशिष्ट नेत्र अस्पताल के शिलान्यास के अवसर पर आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए।

ये भी पढ़ें: Bihar News: CM नीतीश ने पौधारोपण कर राज्यस्तरीय ‘वन महोत्सव-2025’ का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री के समक्ष 48 साल पुरानी आर० झुनझुनवाला शंकरा नेत्र अस्पताल की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी। आर० झुनझुनवाला शंकरा नेत्र अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से पटना के कंकड़बाग में बनाए जानेवाले अतिविशिष्ट नेत्र अस्पताल भवन के प्रारूप, मरीजों एवं चिकित्सकों के लिए अस्पताल भवन में उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाएं, अस्पताल में मरीजों की जांच हेतु अधिष्ठापित की जानेवाली नई तकनीक पर आधारित मशीनें, ऑपरेशन थिएटर आदि के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि यह नेत्र अस्पताल दिसंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हमलोग प्रारम्भ से ही काम कर रहे हैं ताकि ईलाज कराने के लिए मजबूरी में किसी को बिहार से बाहर नहीं जाना पड़े। इस नेत्र अस्पताल के बन जाने से लोगों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

ये भी पढ़ें: Bihar News: 91 वीं बिहार स्टेट जूनियर एंड सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025′ का हुआ आज भव्य समापन

कार्यक्रम में आर० झुनझुनवाला शंकरा नेत्र अस्पताल प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।