Noida

Noida: नोएडा की इस पॉश सोसायटी में लगी आग, करोड़ों के नुक़सान की ख़बर

दिल्ली NCR नोएडा
Spread the love

Noida: नोएडा के सेक्टर-100 स्थित पॉश Lotus Boulevard सोसायटी में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सोसायटी के 28वें टावर के 27वें फ्लोर पर बने एक लग्जरी फ्लैट में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे के बाद पूरे टावर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

एसी में ब्लास्ट के बाद भड़की आग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लैट में लगे एसी के कंप्रेसर पर दबाव बढ़ने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। आग इतनी तेज थी कि फ्लैट में रखा महंगा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू वस्तुएं जलकर राख हो गईं। करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

आग लगते ही आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान पूरे टावर के लोग नीचे की ओर भागने लगे। ऊंची बिल्डिंग में आग लगने की वजह से कुछ देर तक लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

रात 10:40 बजे पहुंची दमकल टीम

घटना की सूचना रात करीब 10:40 बजे दमकल विभाग को दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे के निर्देश पर फायर टेंडर की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अग्निशमन अधिकारी राहुल गौतम ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

फायर सिस्टम ने बचाई बड़ी तबाही

फ्लैट ऊंचाई पर होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी आई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सोसायटी में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम और अग्निशमन उपकरण सही तरीके से काम कर रहे थे। इसी वजह से आग को दूसरे फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया। करीब रात 11 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

कोई जनहानि नहीं

हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे। हालांकि फ्लैट में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद सोसायटी में फायर सेफ्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।