Rajesh Awasthi, a journalist working for Dainik Jagran in Meerut, committed suicide

Meerut: मेरठ में दैनिक जागरण के पत्रकार ने की खुदकुशी..छंटनी का हो गए थे शिकार!

TV
Spread the love

Meerut: दुखद खबर यूपी मेरठ से आ रही है। जहां एक पत्रकार ने सल्फास की गोलियां खाकर सुसाइड कर लिया। मिली जानकारी के मुताबिक मेरठ के माधवपुरम निवासी वरिष्ठ पत्रकार राजेश अवस्थी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि राजेश अवस्थी लंबे समय तक दैनिक जागरण मेरठ में कार्यरत रहे और अपने शांत, मृदुभाषी तथा सहयोगी स्वभाव के कारण पत्रकार साथियों के बीच बेहद सम्मानित थे।

ताउम्र दैनिक जागरण मेरठ में कार्यरत रहे राजेश अवस्थी को छँटनी का शिकार प्रबंधन ने बना दिया। उनकी सैलरी काफ़ी कम थी फिर भी उन्हें लॉयल्टी का इनाम छंटनी के रूप में मिला। इस छंटनी के बाद से वे डिप्रेशन में चले गए। बेहद संकोची और स्वाभिमानी राजेश अवस्थी दिनोंदिन आर्थिक संकट के जाल में फँसते गए।

जानकारी के अनुसार राजेश अवस्थी पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे थे। शुक्रवार को वह घर से निकले थे, जिसके बाद शनिवार को उनका शव एक पेड़ के नीचे मिला। मौके से सल्फास की गोलियां भी बरामद होने की बात कही जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

राजेश अवस्थी के साथ लंबे समय तक काम कर चुके पत्रकार साथियों ने बताया कि उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया लेकिन कभी हार नहीं मानी। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद वे लगातार सक्रिय बने हुए थे। ऐसे में उनके इस कदम की खबर से मित्रों और सहयोगियों को गहरा सदमा लगा है।