Jaisalmer Bus Fire

Jaisalmer Bus Fire: जैसलमेर में मौत की लक्जरी बस, 20 यात्रियों की जलने से दर्दनाक मौत

TOP स्टोरी Trending राजस्थान
Spread the love

Jaisalmer Bus Fire: राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक भयानक हादसा हो गया।

Jaisalmer Bus Fire: राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक भयानक हादसा हो गया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक लक्जरी बस (Luxury Bus) में अचानक आग लग गई, जिसमें कम से कम 20 यात्रियों की जलकर मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री घायल हो गए। यह हृदय विदारक घटना दोपहर करीब 3:30 बजे थैयत गांव के पास हुई, जो जैसलमेर से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम भजन लाल शर्मा ने खुद घटनास्थल का दौरा किया। पढ़िए पूरी खबर…

Pic Social Media

ये भी पढ़ेंः क्या ज्योतिष से मौत को टाला जा सकता है?

बस के पिछले हिस्से से उठा धुआं

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से 55 से अधिक यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। थैयत गांव पार करते ही बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, जबकि कई लोग खिड़कियों और दरवाजों से किसी तरह बाहर निकले। पुलिस ने कहा कि बस में 57 यात्री सवार थे। जैसलमेर-जोधपुर राजमार्ग पर बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने पर चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन आग ने तुरंत पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

गांववालों और राहगीरों ने तुरंत शुरू किया बचाव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी, राहगीर और सेना के जवान मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य में जुट गए। गांववालों ने आसपास के जल स्रोतों से पानी और रेत की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। दमकल और पुलिस की टीमों को सूचित किया गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगाया। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीन एम्बुलेंसों के जरिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 16 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

‘पहुंचे तो कोई जिंदा व्यक्ति नहीं मिला’

नगर परिषद के दमकलकर्मी और असिस्टेंट फायर ऑफिसर पृथ्वीपाल सिंह राठौर ने कहा कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘जब हम पहुंचे तो कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला जिसे हम जिंदा निकाल पाते।’ दुर्घटना में अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक घायल ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

DNA टेस्ट से होगी मृतकों की पहचान

शवों के बुरी तरह जल जाने के कारण प्रशासन ने मृतकों की पहचान DNA जांच के माध्यम से करने की घोषणा की है। जिला प्रशासन ने घटना से संबंधित जानकारी के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। पोकरण से भाजपा विधायक प्रताप पुरी ने 20 मौतों की पुष्टि की और बताया कि बस जैसलमेर से रवाना होने के मात्र 10 मिनट बाद ही आग लग गई।

पीएम और सीएम की संवेदना, 2 लाख रुपये की सहायता

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘राजस्थान के जैसलमेर में हुए हादसे में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’ पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने और घायलों को 50,000 रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

Pic Social Media

वहीं, सीएम भजन लाल शर्मा ने जैसलमेर पहुंचकर नष्ट हुई बस का निरीक्षण किया। उन्होंने आर्मी के जवानों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा की गई मदद के लिए सभी का आभार जताया। इस दौरान पोकरण के विधायक प्रताप पुरी एवं विधायक सांग सिंह भाटी सहित प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सीएम ने कल पटना में प्रचार का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

Pic Social Media

राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया ‘पीड़ादायक’ हादसा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस घटना पर दुख जताते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने लिखा, ‘जैसलमेर, राजस्थान में एक बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

ये भी पढ़ेंः Rajasthan: ‘नव विधान – न्याय की नई पहचान‘ प्रदर्शनी का शुभारंभ समारोह

आग लगने का कारण?

अधिकारियों का कहना है कि आग लगने का सटीक कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन के अधिक गर्म होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्लीपर बस में आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। सबसे पहले शॉर्ट सर्किट का जिक्र आया, फिर एसी के कम्प्रेशर पाइप फटने की बात सामने आई। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की डिग्गी पटाखों से भरी थी, जिसके कारण आग भड़क गई।