कुकर्म और ब्लैकमेलिंग से आ गए थे तंग!, 4 आरोपियों पर FIR
Indore: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर शहर में बुधवार देर शाम जबरदस्त हंगामा मचा। शहर के नंदलालपुरा इलाके में रहने वाले 24 किन्नरों ने एक साथ फिनायल पी लिया, जबकि मिली जानकारी के मुताबिक MY अस्पताल के बाहर चार किन्नरों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की।
ये भी पढ़ें: क्या स्कूलों में पढ़ाया जा रहा धर्मांतरण का पाठ ?

मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह उन्हें काबू में किया और बोतलें छीन लीं। फिलहाल सभी फिनायल पीने वाले किन्नरों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वारदात के पीछे की असली वजह क्या है ?
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है। दरअसल नंदलालपुरा और एमआर-10 इलाके के किन्नर गुटों (पायल गुरु और सपना हाजी) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पंढरीनाथ पुलिस के अनुसार, इसी विवाद का फायदा उठाते हुए कथित पत्रकार पंकज और उसका साथी अक्षय एक गुट के पास पहुंचे. उन्होंने खुद को पत्रकार बताकर नाम खराब करने की धमकी दी और रुपये की डिमांड करने लगे.
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी पंकज जबरन एक किन्नर को बिल्डिंग में ले गया और उसके साथ रेप (गलत काम) किया. आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर झूठा केस दर्ज कराने की भी धमकी दी. इस प्रताड़ना से तंग आकर एक गुट के दो दर्जन (24) किन्नरों ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश में फिनाइल पी लिया. साथी किन्नरों के लौटने पर हड़कंप मच गया.
पुलिस ने तत्काल पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और सभी को ऑटो, एंबुलेंस और पुलिस वाहनों से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी की हालत अब स्थिर है. तबीयत बिगड़ने की खबर पर साथी किन्नर जवाहर मार्ग पर सड़क पर लेट गए और जाम लगाकर सपना हाजी के खिलाफ नारेबाजी की. पंढरीनाथ थाना पुलिस को मामले की शिकायत मिलने के बाद किन्नर सपना हाजी, राजा हाशमी, कथित पत्रकार पंकज जय और अक्षय पर देर रात संयोगितागंज थाना में केस दर्ज कर लिया गया है.
