Greater Noida West: Trying to lure children out by giving them chocolates.

Greater Noida West: बच्चों को चॉकलेट देकर बाहर ले जाने की कोशिश में युवती!

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट दिल्ली दिल्ली NCR
Spread the love

अरिहंत अबोड सोसाइटी में दिखी संदिग्ध लड़की की हरकत से हड़कंप

Greater Noida West: क्या आपके बच्चे सोसायटी में सुरक्षित है। ये सवाल अगर आपके दिमाग में भी चल रहा है तो ये ख़बर जरूर पढ़िए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक खबर ने तमाम सोसायटी और उनकी सुरक्षा को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

दरअसल खबर ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर 10 की सोसायटी अरिहंत अबोड(Arihant Abode) है। मिली जानकारी के मुताबिक सोसाइटी में बुधवार को एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई, जिसने पेरेंट्स की चिंता बढ़ा दी। जानकारी के अनुसार, करीब 25 वर्ष की एक युवती जो देखने में अच्छे परिवार की लग रही थी, बिना किसी रोक-टोक के सोसाइटी में प्रवेश कर गई। लड़की उसी सोसायटी की होगी, ये सोच कर मौके पर मौजूद गार्ड्स ने भी लड़की पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

अरिहंत के Whatsapp ग्रुप से ली गई Image

बताया जा रहा है कि युवती पार्क में खेल रहे बच्चों के पास पहुंची और उनसे बातचीत करने लगी। उसने बच्चों को चॉकलेट बांटी, उनके साथ खेली और उन्हें यह कहकर बहलाने लगी कि उसके पास बाहर और भी ज्यादा चॉकलेट हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बच्चों से उनके नाम और फ्लैट नंबर भी पूछ रही थी। वह अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में बात कर रही थी।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चार बच्चे उसके पीछे-पीछे मुख्य गेट के बाहर तक चले गए। इसी दौरान दो बच्चे वापस लौट आए, जबकि दो बच्चे उसके साथ आगे बढ़ रहे थे। तभी हेड गार्ड निराली ने बच्चों को रोककर अंदर आने के लिए कहा। गार्ड और बच्चों के बीच बातचीत के दौरान ही वह युवती ऑटो में बैठकर चली गई।

युवती ने काले रंग का स्वेटशर्ट पहना हुआ था, काले-ग्रे फ्रेम का चश्मा लगाया था और उसके पास ‘Boldfit’ ब्रांड का बैग था, जो चॉकलेट से भरा हुआ बताया जा रहा है। बच्चों के अनुसार, जाते-जाते उसने कहा कि वह फिर से उनसे मिलने आएगी।

घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। अभिभावकों ने शिकायत की, सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और पुलिस को भी सूचना दी गई। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरडब्ल्यूए टीम ने औपचारिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है या नहीं। निवासी असली सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं ताकि महिला की पहचान हो सके।

जानकारी के अनुसार, संदिग्ध युवती पास की मैप्सको कासाबेला सोसाइटी (सैफायर 83 के पास) में भी प्रवेश करती देखी गई।समय रहते गार्ड की सतर्कता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। सोसाइटी के लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर अब अतिरिक्त सतर्कता बरतने की मांग कर रहे हैं।

ये घटना उन तमाम सोसायटी के लिए भी महत्वपूर्ण है जहां गार्ड मुस्तैद तो रहते हैं लेकिन कई बार बच्चे गेट से बाहर आ या जा रहे हैं उस पर ज्यादा ध्यान नहीं देते।