Greater Noida

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में ‘मेगा स्किल हब’, 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट दिल्ली NCR
Spread the love

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक विस्तार और Noida International Airport के बढ़ते अवसरों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने मेगा स्किल हब बनाने का फैसला किया है। इस हब का उद्देश्य युवाओं को इंडस्ट्री की जरूरत के अनुसार ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ना है।

यह स्किल हब हब एंड स्पोक मॉडल पर काम करेगा। इसके तहत ग्रेटर नोएडा में एक मुख्य मेगा स्किल हब बनाया जाएगा, जबकि जिले के छोटे स्किल सेंटर उससे स्पोक के रूप में जुड़े रहेंगे।

उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने बताया कि ग्रेटर नोएडा तेजी से आईटी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का बड़ा केंद्र बन रहा है। वहीं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद लॉजिस्टिक्स, एविएशन, टूरिज्म और सर्विस सेक्टर में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि कंपनियों को अक्सर स्किल्ड वर्कफोर्स नहीं मिल पाती, इसी कमी को पूरा करने के लिए मेगा स्किल हब तैयार किया जा रहा है।

इन क्षेत्रों में दी जाएगी ट्रेनिंग

मेगा स्किल हब में युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जुड़े कोर्स कराए जाएंगे। इनमें रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक व्हीकल मेंटेनेंस, सेमीकंडक्टर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग शामिल हैं।

इसके अलावा एयरपोर्ट ऑपरेशंस, कार्गो हैंडलिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े स्किल प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे। सभी कोर्स इंडस्ट्री की मांग को ध्यान में रखकर डिजाइन किए जाएंगे।

कंपनियों के साथ होगा टाई-अप

युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए बड़ी कंपनियों के साथ टाई-अप किया जाएगा। इसके जरिए ऑन-जॉब ट्रेनिंग और प्लेसमेंट की सुविधा भी मिलेगी।

छोटे जिलों के युवाओं को भी मिलेगा फायदा

हब एंड स्पोक मॉडल के तहत मुख्य हब में हाई-एंड लैब और विशेषज्ञ ट्रेनर होंगे। वहीं जिला स्तर के स्किल सेंटरों पर बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद छात्रों को एडवांस ट्रेनिंग के लिए मुख्य हब भेजा जाएगा।

सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ना है। इसके लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।