Greater Noida

Greater Noida: एक युवक के खाते में आए 1 अरब रुपए, बैंक वालों के उड़े होश

TOP स्टोरी Trending ग्रेटर नोएडा- वेस्ट बिजनेस
Spread the love

Greater Noida: 20 वर्षीय बेरोजगार युवक दीपक को मिला अरबों रुपये जमा होने का मैसेज, पढ़िए पूरी खबर…

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक के बैंक खाते (Bank Accounts) में अचानक 1 अरब 13 लाख 55 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की रकम आ गई। युवक के मोबाइल (Mobile) पर जैसे ही यह मैसेज आया, उसके होश उड़ गए। पढ़िए पूरी खबर…

आपको बता दें कि यह मामला दनकौर क्षेत्र के ऊंची गांव का है, जहां रहने वाला 20 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू अचानक रातोंरात ‘अरबपति’ नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बन गया।

खाते में दिखी 37 अंकों की रकम

दीपक, जो हाल ही में अपने माता-पिता को खो चुका है, ने दो महीने पहले ही कोटक महिंद्रा बैंक में अपनी मां गायत्री देवी के नाम पर खाता खोला था। वह इस खाते का उपयोग यूपीआई के जरिए छोटे-मोटे लेनदेन के लिए करता था। 3 अगस्त की रात को दीपक को अपने मोबाइल पर एक बैंक नोटिफिकेशन मिला, जिसमें उसके खाते में 10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 रुपये जमा होने का उल्लेख था। यह 37 अंकों की राशि देखकर दीपक के होश उड़ गए। उसने तुरंत अपने दोस्तों के साथ इस मैसेज को साझा किया और उनसे पूछा कि इसमें कितने शून्य हैं।

ये भी पढ़ेंः Rakshabandhan Gift: रक्षाबंधन पर दें तोहफों को प्यार की पैकिंग सन्दीपा भाटिया की किताबों के साथ

बैंक ने अकाउंट किया फ्रीज

हैरान-परेशान दीपक अगली सुबह ग्रेटर नोएडा की कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में पहुंचा। बैंक अधिकारियों ने इस असामान्य लेनदेन की पुष्टि की, लेकिन संदिग्ध गतिविधि के चलते खाते को तुरंत फ्रीज कर दिया और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी। बैंक ने दीपक को राशि के स्रोत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा, ‘किसी व्यक्ति के बचत खाते में इतनी बड़ी रकम जमा होना संभव नहीं है। यह संभवतः एक तकनीकी खामी हो सकती है।’ पुलिस और आयकर विभाग इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह राशि कहां से और कैसे खाते में आई।

Pic Social Media

बैंक ने क्या कहा?

कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) के मुताबिक, ‘ग्राहक के खाते में असामान्य रूप से बड़ी राशि होने की खबरें गलत हैं। ग्राहकों से अनुरोध है कि वे अपने खाते की जानकारी मोबाइल बैंकिंग ऐप या नेट बैंकिंग के जरिए जांच लें।’ उन्होने स्पष्ट किया कि उसके सिस्टम पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित हैं और सभी सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं।

अन्य ऐप्स में बैलेंस शून्य

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जब दीपक ने अन्य यूपीआई ऐप्स जैसे फोनपे पर अपने खाते का बैलेंस चेक किया, तो वहां बैलेंस शून्य दिखा। पुलिस ने दीपक के बैंक स्टेटमेंट की जांच की, जिसमें भी कोई राशि जमा नहीं दिखी। थाना दनकौर पुलिस का कहना है कि यह मामला NAVI UPI ऐप में तकनीकी गड़बड़ी (टेक्निकल ग्लिच) का हो सकता है, जिसके कारण यह विशाल राशि दिखाई दी। लेकिन, पुलिस और आयकर विभाग इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जिसमें साइबर फ्रॉड या मनी लॉन्ड्रिंग की संभावना भी शामिल है।

गांव में मची हलचल

इस घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई, और दीपक के पास रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के फोन आने शुरू हो गए। परेशान होकर दीपक ने अपना फोन बंद कर दिया। सोशल मीडिया पर भी यह मामला वायरल हो गया, जहां कुछ लोगों ने मजाक में दीपक को ‘देश का सबसे अमीर आदमी’ कहना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, ‘यह रकम इतनी बड़ी है कि इसे तकनीकी गड़बड़ी के बिना समझा नहीं जा सकता।’

ये भी पढ़ेंः OTP Rule: अब मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन के लिए चुकाने होंगे इतने रुपये, आपकी जेब पर पड़ेगा असर

बता दें कि आयकर विभाग इस राशि के स्रोत का पता लगाने में जुटा है, और पुलिस बैंक अधिकारियों से भी जानकारी ले रही है। दीपक का कहना है कि उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इतनी बड़ी रकम उसके खाते में कैसे आई। फिलहाल, खाता फ्रीज होने के कारण वह कोई लेनदेन नहीं कर सकता।