Mumbai में रोंगटे ख़ड़े कर देने वाला वाकया..मां की गोद से ड्रेनेज में गिरी बच्ची

दिल्ली NCR महाराष्ट्र

Jyoti Shinde, Editor

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी है। रुक-रुक कर हो रही है बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। इस बीच एक दर्दनाक ख़बर आ रही है। यहां एक छह महीने की बच्ची अपनी मां की गोद से फिसलकर गहरे नाले में गिर गई। यह घटना तब हुई जब बारिश के कारण अंबरनाथ लोकल ट्रेन सेवा ठप हो गई। बताया जा रहा है कि मां बच्चे को अपने ससुर को सौंप रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया।

pic-social media


बारिश के कारण अंबरनाथ लोकल को ठाकुर्ली और कल्याण स्टेशन के बीच रोक दिया गया। इसके बाद ट्रेन में सवार यात्री उतरकर चलने लगे। उसी समय एक महिला अपने ससुर के साथ अपनी 6 माह की बच्ची के साथ ट्रेन से उतरी और ट्रैक के किनारे चलने लगी।

ससुर को सौंपते समय बच्चा गोद से फिसल गया
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बच्ची को ससुर को सौंपते समय वह हाथ से फिसलकर नीचे बह रहे नाले में गिर गई। जैसे ही वहां मौजूद लोगों को पता चला तो बच्ची को ढूंढने की कवायद शुरू कर दी गई। हालांकि, अब तक उसका पता नहीं चल सका है। नगर पालिका के साथ रेलवे पुलिस ने भी तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि बारिश के कारण नाला उफान पर है और उसमें पानी का बहाव भी तेज है।

महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से अलर्ट

महाराष्ट्र सरकार ने पिछले 48 घंटों से क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर गुरुवार को मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र के सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की। सरकारी आदेश के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जिलों में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल दिन भर बंद रहेंगे। शिक्षा अधिकारी ने कहा, अन्य क्षेत्रों में स्थानीय अधिकारी वहां के मौसम की स्थिति के आधार पर निर्णय ले सकते हैं। वहीं बीएमसी कमिश्नर आईएस चहल ने भी शहर में भारी बारिश के कारण गुरुवार को सरकारी और निजी सहित शहर के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया।

आपको बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाओं और सड़क यातायात का हाल बेहाल है। ऐसे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में सरकारी कार्यालयों को जल्द बंद करने का निर्देश दिया। हालांकि, अभी तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से दफ्तर बंद करने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री शिंदे ने क्या कहा
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मुंबई और आसपास के इलाकों में सरकारी दफ्तरों को जल्दी बंद किया जाना चाहिए ताकि कर्मचारियों को घर पहुंचने के लिए अधिक समय मिल सके। आपको बता दें कि पिछले दो दिनों से मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो रही है।

भारी बारिश के कारण वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। जिनका उपयोग लाखों लोग घर पहुंचने के लिए करते हैं।

मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक आज कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, बुधवार को ठाणे और पालघर जिलों में भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गये हैं। आपको बता दें कि ठाणे के निचले इलाकों से 250 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आज के लिए ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मौसम विभाग के मुंबई केंद्र ने मंगलवार को मुंबई और ठाणे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

ट्रेन का समय बदला गया
15066 पनवेल (पीएनवीएल) से गोरखपुर जंक्शन (जीकेपी) एक्सप्रेस – 20.00 बजे प्रस्थान करेगी। 12109 मुंबई सीएसएमटी (सीएसएमटी) से मनमाड जंक्शन (एमएमआर) एक्सप्रेस का प्रस्थान समय 20.35 बजे है। 11013 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) – कोयंबटूर (सीबीआई) एक्सप्रेस – 23.35 बजे प्रस्थान करेगी। 12141 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से पाटलिपुत्र जंक्शन (पीपीटीए) एक्सप्रेस – 02.00 बजे (गुरुवार) प्रस्थान करेगी।

READ: khabrimedia, Latest Maharashtra News- Latest Mumbai News-Latest Political News- Big news of today-Daily News-Society news-News in Hindi