FasTag: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने फास्टैग यूजर्स के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है।
FasTag News: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag यूजर्स के लिए ‘नो योर व्हीकल’ (Know Your Vehicle – KYV) प्रक्रिया को आसान बना दिया है। इस बदलाव से अब गाड़ियों के मालिकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। पिछले साल NHAI ने KYV प्रक्रिया शुरू की थी ताकि FASTag सिस्टम में हो रही गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सके। पढ़िए पूरी खबर…

क्यों शुरू की गई थी KYV प्रक्रिया?
आपको बता दें कि NHAI ने पाया था कि कई ट्रक ड्राइवर कार के टैग का इस्तेमाल करके अधिक टोल देने से बच रहे थे। इस तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए KYV प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि, इससे आम लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं- उन्हें अपनी गाड़ी की कई तस्वीरें और दस्तावेज अपलोड करने पड़ते थे, और वेबसाइट पर प्रक्रिया भी जटिल थी। कई यूजर्स के FASTag बिना KYV पूरी किए बंद हो गए थे, जिससे टोल प्लाजा पर परेशानी हुई थी।
अब नहीं होगी FASTag सेवा तुरंत बंद
अब NHAI की सहयोगी कंपनी Indian Highways Management Company Limited (IHMCL) ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, अगर किसी यूजर ने KYV प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो उसकी FASTag सेवा अब तुरंत बंद नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों को KYV पूरी करने के लिए पर्याप्त समय और अवसर दिया जाएगा।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
नई गाइडलाइन में क्या बदला है?
नई व्यवस्था के तहत अब कार, जीप या वैन के लिए साइड फोटो की जरूरत नहीं होगी। अब सिर्फ फ्रंट फोटो ही अपलोड करनी होगी, जिसमें गाड़ी का नंबर प्लेट और विंडशील्ड पर लगा FASTag स्पष्ट दिखे। पहले दोनों तरफ की तस्वीरें मांगी जाती थीं ताकि गाड़ी के पहियों (axles) की संख्या देखी जा सके।
अब VAHAN डेटाबेस से गाड़ी की जानकारी अपने-आप ली जाएगी। यानी यूजर को सिर्फ गाड़ी का नंबर, चेसिस नंबर या मोबाइल नंबर डालना होगा और सिस्टम खुद ही RC की जानकारी भर देगा। अगर एक ही मोबाइल नंबर पर कई गाड़ियां रजिस्टर्ड हैं, तो यूजर चुन सकेगा कि किस वाहन के लिए वह KYV पूरी करना चाहता है।
पुराने यूजर्स को बड़ी राहत
NHAI ने स्पष्ट किया है कि KYV शुरू होने से पहले जारी किए गए FASTag अब बंद नहीं किए जाएंगे, जब तक कि उनके गलत इस्तेमाल की शिकायत नहीं मिलती। यानी पुराने यूजर्स को डरने की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही, बैंक यूजर्स को SMS के जरिए याद दिलाएंगे कि वे अपनी KYV प्रक्रिया पूरी कर लें।
ये भी पढ़ेंः Gurugram: द्वारका एक्सप्रेसवे से सफ़र करने वाले ये ख़बर जरूर पढ़ें
शिकायत और सहायता के लिए क्या करें?
अगर किसी यूजर को KYV से जुड़ी कोई समस्या आती है, तो वह राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा, अगर यूजर दस्तावेज अपलोड नहीं कर पा रहा है, तो संबंधित बैंक की जिम्मेदारी होगी कि वह ग्राहक से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करवाए ताकि FASTag सेवा बाधित न हो।
बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी?
NHAI ने यह बदलाव FASTag सिस्टम को और मजबूत और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किया है। देश अब ‘मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF)’ सिस्टम की ओर बढ़ रहा है, जिसमें बिना रुके टोल पार किया जा सकेगा। ऐसे में KYV प्रक्रिया को सरल बनाना जरूरी था। इस कदम से न केवल यूजर्स को कम दस्तावेजी झंझट झेलनी पड़ेगी बल्कि यह सुनिश्चित होगा कि हर टैग सही गाड़ी पर ही इस्तेमाल हो।
ये भी पढ़ेंः Mobile: आपके बेडरूम की बातें सुनता है मोबाइल, IIT दिल्ली की रिसर्च में बड़ा खुलासा
क्या है KYV प्रक्रिया?
KYV यानी ‘Know Your Vehicle’ एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें FASTag यूजर को अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और वाहन की फोटो अपलोड करनी होती है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि टैग सही वाहन पर लगा है और उसका दुरुपयोग नहीं हो रहा। यह प्रक्रिया हर तीन साल में दोबारा करनी होती है और अब यह ‘वन व्हीकल-वन टैग’ (OVOT) नियम से भी जुड़ गई है, जो 31 अक्टूबर 2024 से लागू हुआ है। इसका मतलब है कि अब एक गाड़ी पर केवल एक ही FASTag मान्य होगा।
