Chhattisgarh News: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रोजगार और स्वावलंबन से युक्त ग्राम पंचायत बनाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लागू होने से गांवों में विकास की रफ्तार और तेज होगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने बजट में लगभग डेढ़ गुना अधिक राशि की स्वीकृति दी है।

आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ बना देश के लिए रोल मॉडल
केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ में तेजी से हो रहे प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की सराहना की। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण की यह गति देश के अन्य राज्यों के लिए एक रोल मॉडल है। साथ ही उन्होंने मोर गांव मोर पानी महाअभियान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण को मजबूती मिली है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर
श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वसहायता समूहों से जोड़ा जाए और लखपति दीदी योजना को और विस्तार दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मजदूरी भुगतान किसी भी स्थिति में लंबित नहीं होना चाहिए।
बस्तर के लिए बनेगी विशेष विकास रणनीति
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग लंबे समय तक विकास से वंचित रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब बस्तर के समग्र विकास के लिए विशेष रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बस्तर संभाग में लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रमुख ग्रामीण योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मनरेगा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम जनमन और आरसीपीएलडब्ल्यूईए योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही एनआरएलएम में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश भी दिए गए।
दो साल में 8 लाख से अधिक आवास बने
अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 24.58 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 17.60 लाख आवास पूरे हो चुके हैं। सरकार गठन के बाद केवल दो वर्षों में ही 8.41 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया गया है, जो देश में सर्वाधिक है।
जल संरक्षण और नवाचारों पर भी काम
प्रदेश में डेढ़ लाख से अधिक आवासों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इसके साथ ही क्यूआर कोड आधारित निगरानी, दीदी के गोठ और छत्तीस कला जैसे नवाचारों पर भी कार्य किया जा रहा है। अब तक 8000 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और 5000 से अधिक मिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया है।
मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
यह समीक्षा बैठक रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम उपस्थित रहे। साथ ही मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह सहित केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
