Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक बेहद खास और उत्साहजनक खबर सामने आई है। यहां दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला पक्षी पेरेग्रीन फाल्कन एक बार फिर देखा गया है। इस पक्षी को ‘आसमान का चीता’ भी कहा जाता है।
‘आसमान का चीता’ कहलाता है पेरेग्रीन फाल्कन
पेरेग्रीन फाल्कन एक बेहद तेज और शक्तिशाली शिकारी पक्षी है। यह ऊंचाई से शिकार पर गोता लगाते हुए करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। सामान्य उड़ान में भी इसकी गति लगभग 300 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जाती है।
वन रक्षक ने कैमरे में कैद किया दुर्लभ दृश्य
इस दुर्लभ पक्षी को वन रक्षक श्री ओमप्रकाश राव ने अपने कैमरे में कैद किया है। इससे पहले भी इस पक्षी को आमामोरा ओड़ क्षेत्र के पास शेष पगार जलप्रपात के आसपास ड्रोन कैमरों में रिकॉर्ड किया गया था। इससे यह साफ होता है कि यह पक्षी इस क्षेत्र में लगातार सक्रिय है।
हवा में शिकार करने में माहिर पक्षी
पेरेग्रीन फाल्कन अपने मजबूत और नुकीले पंजों की मदद से उड़ते हुए भी शिकार पकड़ सकता है। यह आमतौर पर छोटे पक्षियों, कबूतरों और तोतों का शिकार करता है। ऊंचाई से तेज गोता लगाकर सटीक वार करना इसकी खास पहचान है।
जीवनभर एक ही साथी के साथ रहता है
विशेषज्ञों के अनुसार पेरेग्रीन फाल्कन न सिर्फ अपनी गति के लिए बल्कि अपनी वफादारी के लिए भी जाना जाता है। यह पक्षी आमतौर पर अकेले या जोड़े में रहता है और जीवनभर एक ही साथी चुनता है। इसका जीवनकाल करीब 12 से 15 वर्ष होता है।
छत्तीसगढ़ बन रहा दुर्लभ पक्षियों का पसंदीदा ठिकाना
अनुकूल जलवायु और समृद्ध जैव विविधता के कारण छत्तीसगढ़ अब देश-विदेश के पक्षियों के लिए पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है। हाल ही में बारनवापारा अभ्यारण्य में भी ऑरेंज ब्रेस्टेड ग्रीन पिजन और ब्लैक-कैप्ड किंगफिशर जैसे दुर्लभ पक्षी देखे गए हैं।
वन संरक्षण के प्रयासों का दिख रहा असर
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्री अरुण कुमार पांडेय के नेतृत्व में वन विभाग लगातार निगरानी और संरक्षण के प्रयास कर रहा है। पेरेग्रीन फाल्कन का दिखना इन प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।
वन्यजीव संरक्षण को मिली नई ऊर्जा
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में पेरेग्रीन फाल्कन की मौजूदगी न केवल रिकॉर्ड के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह राज्य में वन्यजीव संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों को भी नई ताकत देती है।
