Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बस्तर के नारायणपुर जिले के दो दिवसीय प्रवास पर जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और जिले के लोगों को कई विकास कार्यों की सौगात दी। हाई स्कूल मैदान में आयोजित बस्तर पण्डुम के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने 351 करोड़ 49 लाख रुपये के 357 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
लाल आतंक से रुके विकास को मिल रही नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लाल आतंक अब समाप्ति की ओर है, जिससे बस्तर जैसे क्षेत्रों में विकास को गति मिल रही है। माओवाद के कारण यह इलाका लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन अब यहां नए नवाचार और योजनाएं जमीन पर उतर रही हैं।
नियद नेल्लानार योजना से 400 से अधिक गांवों तक पहुंचा विकास
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से बस्तर के 400 से अधिक गांवों तक विकास योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की गई है। आत्मसमर्पित माओवादियों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका से जोड़ा जा रहा है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।
पर्यटन, खेती और पशुपालन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर को विकास के सभी आयामों से जोड़ने के लिए पर्यटन, खेती-बाड़ी और पशुपालन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर विकास, शांति और समृद्धि का नया उदाहरण बने।
आदिवासी संस्कृति संरक्षण में बस्तर पण्डुम की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक विरासतों को सहेजने के उद्देश्य से बस्तर पण्डुम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी जनजातीय सभ्यता और धरोहरों से जुड़े रहें और अगली पीढ़ी को भी इससे जोड़ें।
332 करोड़ रुपये के छह नए निर्माण कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने नारायणपुर जिले में 332 करोड़ रुपये की लागत वाले छह बड़े निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें नारायणपुर को बीजापुर, दंतेवाड़ा और महाराष्ट्र सीमा से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण और मजबूतीकरण शामिल है। इसके साथ ही पुल, स्कूल भवन, आश्रम शाला और खेल मैदान निर्माण की भी स्वीकृति दी गई।
शिक्षा और खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
अबुझमाड़ क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में 10 वैकल्पिक प्राथमिक शालाओं के स्कूल सेटअप और भवन निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा गरांजी में एजुकेशन हब के तहत खेल मैदान बनाने की भी घोषणा की गई है।
बस्तर पण्डुम में आदिवासी कला और परंपराओं का प्रदर्शन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आदिवासी व्यंजन, वेशभूषा, आभूषण और पारंपरिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने इन विरासतों को संरक्षित करने की जरूरत पर जोर दिया।
आत्मसमर्पित माओवादी नवदंपतियों को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री श्री साय ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मुख्यधारा में लौटे चार नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी जोड़ों को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा और बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और बस्तर तेजी से शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
