Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और सफलता की प्रेरणा का बड़ा माध्यम बनकर उभरा है। कार्यक्रम के जरिए प्रदेश की महिलाओं तक आजीविका, नवाचार और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी प्रेरक जानकारियां पहुंचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 और संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल महिला की कहानी हजारों अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है और यही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता है।
सीएम साय ने तीन पुस्तकों और पत्रिकाओं का किया विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका और ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अपनी सफलता की कहानियां साझा करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘दीदी के गोठ’ के 12 एपिसोड पर आधारित प्रदर्शनी और फोटो गैलरी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से बातचीत कर उनके नवाचार, व्यवसाय और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
पति की मौत के बाद शुरू किया कारोबार, अब सालाना 5 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले से वर्चुअल माध्यम से जुड़ी लखपति दीदी विद्या निषाद से बातचीत की।
विद्या निषाद ने बताया कि कोरोना काल में पति के निधन के बाद उन्हें बिहान समूह से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिला। इसके बाद उन्होंने कपड़े और फैंसी स्टोर का व्यवसाय शुरू किया।
आज वह अपने व्यवसाय से हर साल 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हर महीने महिलाएं अपनी बोली में सुनाती हैं सफलता की कहानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम ने एक वर्ष का सफल सफर पूरा कर लिया है और अब तक इसके 12 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं।
हर महीने के दूसरे गुरुवार को एक सफल महिला अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी स्थानीय बोली में साझा करती है।
इन कहानियों के माध्यम से प्रदेश की हजारों महिलाओं को स्वरोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
ड्रोन दीदी से लेकर ऑर्गेनिक खेती तक आगे बढ़ रही महिलाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज महिलाएं बिहान से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
कोई महिला ड्रोन दीदी बनकर आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रही है, तो कोई राजमिस्त्री के रूप में काम कर रही है। कई महिलाएं ऑर्गेनिक खेती, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की लखपति दीदियां भविष्य में करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
‘गोट यूनिट’ से लखपति बनीं महिलाएं
मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान आरंग क्षेत्र के भ्रमण का जिक्र करते हुए बताया कि वहां महिलाओं द्वारा संचालित ‘गोट यूनिट’ में बकरी, मुर्गी और मछली पालन का एकीकृत मॉडल विकसित किया गया है।
इस मॉडल के जरिए महिलाएं अच्छी आय अर्जित कर लखपति बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे नवाचार प्रदेश की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 लाख घर पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते ढाई वर्षों में ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश वादों को पूरा किया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 18 लाख आवासों की स्वीकृति मिली है। इनमें से अब तक 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
राज्य में प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना में महिलाओं को मिले करीब 18 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की जा रही है।
अब तक 28 किस्तों के माध्यम से करीब 18 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दर्ज करा सकते हैं शिकायत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुशासन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक बिजली, पानी, राजस्व और पुलिस सहित विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
शिकायतों के समाधान के लिए करीब आठ हजार अधिकारी काम कर रहे हैं और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
बिजली उपभोक्ताओं को 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ के माध्यम से दो वर्षों से बकाया बिजली उपभोक्ताओं को सरचार्ज में राहत दी जा रही है।
योजना के तहत अब तक 700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि माफ की जा चुकी है।
अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ महिलाओं के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का महत्वपूर्ण मंच बन गया है।
राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में 11 लाख प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं और योजना के लिए राज्य सरकार ने 26 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
‘36 कला’ ब्रांड से स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगी पहचान
स्व-सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘36 कला’ ब्रांड विकसित किया गया है।
राज्य सरकार स्व-सहायता समूहों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है, ताकि महिलाएं अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकें और उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिल सके।
एक साल में 12 एपिसोड, 25 जिलों की 38 महिलाएं जुड़ीं
‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम का प्रसारण 31 अगस्त 2025 से हर महीने के दूसरे गुरुवार को किया जा रहा है।
कार्यक्रम से प्रदेश के 25 जिलों की 38 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो अपनी स्थानीय बोली में आजीविका, नवाचार और सफलता की कहानियां साझा करती हैं।
9 जुलाई 2026 को कार्यक्रम का 12वां एपिसोड पूरे प्रदेश में प्रसारित किया गया।
इन विषयों पर प्रसारित किए गए कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत प्रसारित 12 एपिसोड में लखपति दीदी, नियद नेल्ला नार, वनोपज संग्रहण, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं की भागीदारी, सरस मेला, ड्रोन दीदी, कृषि सखी, पशु सखी और वित्तीय समावेशन जैसे विषयों को शामिल किया गया।
इसके अलावा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, महिला जनप्रतिनिधियों की सफलता की कहानियां, पशुपालन, साइबर अपराध और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव, ‘36 कला’ ब्रांड और ‘दीदी के गोठ’ की एक वर्ष की यात्रा से जुड़ी जानकारियां भी महिलाओं तक पहुंचाई गईं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और बिहान की महिलाएं मौजूद रहीं।
