Chhattisgarh News: रायपुर, 24 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और यातायात नियमों का पालन कर हम अनमोल मानव जीवन को बचा सकते हैं।
हेलमेट पहनकर मुख्यमंत्री ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए स्वयं हेलमेट पहनकर स्कूटी चलाई और बाइक चालकों के दल के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
12 नई बसों का शुभारंभ और लाइसेंस सेंटर का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत प्रदेश के 12 नए मार्गों में 12 नई बसों का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया गया।

सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता, नियमों के पालन की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे राहगीरों, पुलिस मितान, चिकित्सकों और यातायात कर्मियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस मितान योजना से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर पुलिस द्वारा 4500 पुलिस मितान तैयार किए गए हैं, जो गांवों में सड़क सुरक्षा के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम अधिक होने के कारण पुलिस मितान प्रभावी साबित होंगे। इन मितानों को हेलमेट और फर्स्ट एड किट भी वितरित की गई है।
हेलमेट और सीट बेल्ट जरूरी, मोबाइल से दूरी रखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी सबसे बड़ा कारण होती है। इसलिए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें।
सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की अपील
परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता न होकर सड़क सुरक्षा का जन आंदोलन बने। सड़क दुर्घटनाओं में तुरंत मदद करने वाले राहगीरों के लिए 25 हजार रुपये की राशि और दुर्घटना पीड़ितों के इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है।
सम्मान और प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा अधिकारियों, यातायात कर्मियों, वाहन चालकों, भारत स्काउट गाइड, यूनिसेफ प्रतिनिधियों, एनएचएआई अधिकारियों तथा एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा पर आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग व साइंस मॉडल की सराहना की।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक श्री सुनील सोनी, श्री पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर श्री नवीन अग्रवाल, परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर सहित बड़ी संख्या में स्काउट गाइड, एनसीसी कैडेट्स और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
