Bihar

Bihar: ‘हर बिहारी का सपना सच हो रहा है’, माता जानकी मंदिर के शिलान्यास पर नेताओं की छलकी खुशी, बताया ऐतिहासिक क्षण

बिहार राजनीति
Spread the love

Bihar News: बिहार के मिथिलांचल की धरती आज एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां सीता के भव्य मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार भी मंदिर के भूमि पूजन में शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें: Bihar News: CM नीतीश कुमार ने बिहार संग्रहालय बिएनाले – 2025 के प्रतीक चिन्ह का किया अनावरण

केंद्रीय गृह मंत्री ने शिलान्यास से पहले X (ट्विटर) पर लिखा, ‘जय मां जानकी, 8 अगस्त का दिन पूरे देश और विशेषकर मिथिलांचल के लिए अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का दिन है, जब बिहार के सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मभूमि में पवित्र ‘पुनौराधाम मंदिर’ एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का शिलान्यास होगा।

कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अमृत भारत ट्रेन भी स्वीकृत

उन्होंने आगे लिखा, ‘यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी को बढ़ाने हेतु पीएम नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को भी स्वीकृत किया है, जिसका 8 अगस्त को ही शुभारंभ होगा।

माता जानकी मंदिर के शिलान्यास पर नेताओं की छलकी खुशी

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पिछले साल सीतामढ़ी में अमित शाह ने वादा किया था कि राम मंदिर की तरह सीता माता का मंदिर भी बनेगा। उन्होंने इस मौके को ‘ऐतिहासिक’ बताया। इसके अलावा लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने इसे एक लंबे समय से संजोए सपने का साकार होना और बिहार में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

आज यह सपना पूरा हो रहा है

उन्होंने कहा कि यह परियोजना अयोध्या की तरह बिहार के आर्थिक विकास में भी अहम योगदान देगी। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि मिथिला के लोग इस क्षण का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और आज यह सपना पूरा हो रहा है। पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, ‘यह लंबे समय से हर बिहारी की इच्छा रही है। हमने ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ और हर उपलब्ध मंच के माध्यम से अपने इस सपने को पूरा करने का संकल्प लिया है। मैंने हमेशा माता सीता का एक भव्य मंदिर बनने की इच्छा व्यक्त की है।’

‘बिहार के आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा’

पासवान ने कहा कि, ‘इससे बिहार के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। मैंने कई बार कहा है कि बिहार में धार्मिक पर्यटन के असीमित अवसर हैं। उत्तर प्रदेश इसका एक उदाहरण है। अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के बाद, पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर हो गया। मेरा मानना है कि यह बिहार में राजस्व सृजन बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।’

ये भी पढ़ें: Bihar News: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी का उद्घाटन इस माह के अंत तक

‘मिथिला के लोगों को था इस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार’

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘बिहार और मिथिला के लोग इस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रहे थे। यह एक बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है, मैं रोमांचित हूं। मिथिला के हर घर से लोग इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए यहां एकत्रित हो रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस अवसर का साक्षी बनने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देता हूं।