मकर संक्रांति पर सूर्य की दिशा बदलते ही इंडिया न्यूज़ से बहुत बड़ी ख़बर आई है. राकेश कुमार सिंह जो अब तक मैनेजिंग एडिटर इनपुट के तौर पर काम कर रहे थे, उन्हें इनपुट और आउटपुट दोनों को तराशने और चैनल को आगे बढ़ाने का ज़िम्मा दे दिया गया है. राकेश कुमार सिंह अब इंडिया न्यूज़ के मैनेजिंग एडिटर के तौर पर एक्शन मोड में आ गए हैं. टीम में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं, इसके साथ ही चैनल की प्रोग्रामिंग में भी कई सारे प्रयोग किए जा रहे हैं. हाल ही में चैनल फिर से BARC की रेटिंग लिस्ट में भी शुमार हो गया है, इसलिए इन बड़े बदलावों की अहमियत बढ़ गई है.
आईटीवी नेटवर्क की रीढ़ बन चुके राकेश कुमार सिंह को पिछले कुछ महीनों में बड़े चैनलों की तरफ़ से तोड़ने की कोशिश भी हुई. सूत्रों की माने तो कई बड़े चैनलों के ऑफ़र आए लेकिन चैनल के मैनेजमेंट के साथ लंबे रिश्ते को उन्होंने सबसे ज़्यादा अहमियत दी. राकेश कुमार सिंह के इस प्रमोशन को संस्थान के साथ उनकी लॉयलिटी से भी जोड़कर देखा जा रहा है.. आपको बता दें कि कुछ वक़्त पहले उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर मैनेजिंग एडिटर इनपुट का ज़िम्मा दिया गया था. उनकी चौबीसों घंटे अलर्ट रहने की आदत और अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहने की फ़ितरत की वजह से उनको अब एक और तरक़्क़ी हासिल हुई है.
हमारी टीम ने राकेश कुमार सिंह से संपर्क करने की कोशिश की. समय की कमी के कारण ज़्यादा बात तो नहीं हो पाई लेकिन उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट ने जो भरोसा उन पर दिखाया है, जो ज़िम्मेदारी दी है, उसे निभाने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे. राकेश कुमार सिंह ने इनपुट में काम करते हुए भी आउटपुट की बारीकियों को सीखा है. वो ये मानते हैं कि हर दिन कुछ नया सीखना और नया करना ही इंसान को बेहतर बनाता है. वो एक प्रोफेशनल के तौर पर भी नए प्रयोग में ख़ुद को झोंकने का दमख़म रखते हैं, जिनका फ़ायदा उनको प्रोफेशनल करियर में मिला है.

आपको बता दें राकेश कुमार सिंह का आईटीवी नेटवर्क के साथ क़रीब एक दशक का नाता है. कोविड काल हो या फिर अन्य कोई चुनौती का वक़्त , उन्होंने हमेशा आईटीवी नेटवर्क के हितों को सर्वोपरि रखा. इंडिया न्यूज़ के एडिटर इन चीफ़ राणा यशवंत के इस्तीफ़े के बाद से कई तरह के क़यास लगाए जा रहे थे लेकिन चैनल के टॉप मैनेजमेंट ने राकेश कुमार सिंह को एक बेहतरीन मौक़ा दिया है.
राकेश कुमार सिंह आईटीवी नेटवर्क से जुड़े सभी प्लेटफ़ॉर्म के लिए कंटेंट की प्लानिंग का ज़िम्मा सँभालेंगे. इंडिया न्यूज़, न्यूज़ एक्स, आईटीवी नेटवर्क के रिजनल चैनल, वेबसाइट और अख़बार इन सभी के कोर ग्रुप में शामिल रहे राकेश कुमार सिंह की सलाह को काफ़ी तरजीह दी जाती है. पिछले कुछ वक़्त से राकेश कुमार सिंह टीवी के साथ-साथ नेटवर्क के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर भी काफ़ी एक्टिव हैं.
राकेश कुमार सिंह ने लंबे वक़्त तक राजनीतिक रिपोर्टिंग की है. संसद कवर किया है. इसके अलावा पीएमओ, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय से लेकर तमाम बड़े मंत्रालयों को सालों तक कवर किया है. सरकारी मंत्रालयों के अंदरखाने की खबर हो, इनसाइड स्टोरी हो या कोई बड़ी ब्रेकिंग, उन्होंने ख़बरों के बूते धाक जमाई है. पत्रकारिता में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले राकेश कुमार सिंह केंद्र की सियासत की गहरी समझ रखते हैं. उन्होंने बीजेपी, कांग्रेस, लेफ्ट से लेकर तमाम राष्ट्रीय दलों और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की रिपोर्टिंग की है.
