APN न्यूज़ के इनपुट हेड आरिज़ चंद्रा का निधन

TV

पत्रकारिता जगत से एक और बुरी ख़बर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार आरिज चंद्रा का निधन हो गया है। सूत्रों के अनुसार, आरिज चंद्रा को ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसकी वजह से उनकी जान चली गई। आरिज चंद्रा मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़ी स्टोरीज के लिए जाने जाते थे। क्राइम से जुड़ी खबरों में उन्हें महारत हासिल थी। इसके पहले आरिज ‘आजतक’ (AajTak) के साथ भी काम कर चुके थे। यहां अपनी पारी के दौरान उन्होंने तमाम एक्सक्लूसिव स्टोरीज ब्रेक की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 46 वर्षीय आरिज चंद्रा नोएडा में सेक्टर 70 स्थित पीजी में अपने एक साथी के साथ रहते थे। 11 मार्च की रात आरिज चंद्रा बाथरूम में गिर गए थे। गंभीर हालत में साथी उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए आरिज चंद्रा को सरकारी अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद आरिज चंद्रा को सेक्टर 39 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। लेखक और पत्रकार शकील चंद्रा (अब दिवंगत) के इकलौते बेटे आरिज चंद्रा के परिवार में उनकी मां और एक बहन है।  

ख़बरीमीडिया की तरफ से आरिज़ चंद्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि..ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में जगह दें।