Chhattisgarh News: रायपुर, 22 जुलाई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार सुबह अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और बांस वादक विक्रम यादव के स्वास्थ्य की जानकारी उनके परिजनों से दूरभाष पर ली। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके उपचार में हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
जिला प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव के कलेक्टर से भी फोन पर चर्चा कर विक्रम यादव के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उनका इलाज वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में कराया जाए और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
लोक कलाकार के योगदान का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विक्रम यादव ने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
राज्य सरकार के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बांस वादन शैली के लिए पहचान रखने वाले विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
