UP News

UP News:ललिता गौतम केस: पीड़ित परिवार से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ₹5 लाख सहायता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: गाजियाबाद, 18 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि मामले के दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जांच में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मामले की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं।

पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से मिलेगा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड और अन्य पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।

न्याय दिलाने का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है और न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।