Bihar News: पटना, 16 जुलाई। बिहार में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) ने मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पताल प्रशासन ने राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक (RSB) में डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड का समर्पित वार्ड तैयार किया है, जहां 24 घंटे डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी।
20 बेड के विशेष वार्ड में मिलेगी बेहतर सुविधा
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू वार्ड में मरीजों की सुरक्षा के लिए मच्छरदानियों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल हर मौसम में संभावित स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी के सिद्धांत पर काम कर रहा है।
24 घंटे डॉक्टर और आधुनिक जांच की व्यवस्था
अस्पताल प्रशासन के अनुसार डेंगू मरीजों की देखभाल के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सकों और मेडिकल अटेंडेंट की तैनाती सुनिश्चित की गई है। वहीं नए रेडियोलॉजी भवन में अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
राज्यभर में फॉगिंग और सर्विलांस अभियान तेज
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए पूरे राज्य में फॉगिंग, मच्छर नियंत्रण, सर्विलांस और उपचार की व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। वर्तमान में बिहार में 318 फॉगिंग मशीनें सक्रिय हैं। सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में NS1 ELISA एवं IgM ELISA जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई हैं।
‘एंटी-डेंगू माह’ के तहत जागरूकता अभियान
स्वास्थ्य विभाग संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस कर रहा है। इसके साथ ही पूरे जुलाई महीने में ‘एंटी-डेंगू माह’ के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग डेंगू से बचाव के उपायों को अपनाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए थे विशेष निर्देश
गौरतलब है कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने सभी जिलों में फॉगिंग, जांच, दवाओं और उपचार की व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए थे।
