Crossing Republic: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित जीएस-7 सोसायटी में लिफ्ट के अंदर दो लोगों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) से जुड़े मुद्दे को लेकर हुआ। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:46 बजे जीएस-7 सोसायटी की लिफ्ट में दो लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। लिफ्ट में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले दोनों लोगों की पहचान प्रह्लाद कुमार और दीपक चोपड़ा के रूप में हुई है। दोनों पहले AOA के पदाधिकारी रह चुके हैं और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था।
CCTV वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दोनों व्यक्ति एक महिला के साथ लिफ्ट में प्रवेश करते हैं। शुरुआत में माहौल सामान्य रहता है, लेकिन कुछ देर बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है।
महिला अपने फ्लोर पर उतरने के बाद विवाद और बढ़ जाता है। वीडियो में दिखाई देता है कि एक व्यक्ति दूसरे पर हमला कर देता है, जिसके बाद दोनों के बीच लिफ्ट के अंदर जमकर घूंसे और हाथापाई होती है।
व्हाट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच विवाद सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में किए गए एक कमेंट से शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों के रिश्ते और खराब हो गए और आमने-सामने आने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस ने क्या कहा?
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित दीपक चोपड़ा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। वायरल CCTV वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
