Chhattisgarh News: रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी रामजी) के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने मिलकर करीब 30 हजार सीड बॉल तैयार किए हैं, जिन्हें विभिन्न ग्राम पंचायतों में वितरित किया गया।
मानव श्रृंखला बनाकर मनाया गया बीज रोपण उत्सव
सीड बॉल वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंच, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया और पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
तालाबों और डबरियों की मेड़ों पर होगा सीड बॉल का उपयोग
कार्यक्रम में निर्देश दिए गए कि तैयार किए गए सीड बॉल का उपयोग वीबी-जी रामजी योजना के तहत निर्मित तालाबों, डबरियों की मेड़ों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा। वर्षा ऋतु में इनका रोपण हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनभागीदारी से मजबूत होगा पर्यावरण संरक्षण अभियान
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को वीबी-जी रामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की गई।
महिलाओं की भागीदारी बनी प्रेरणा
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 30 हजार सीड बॉल यह दर्शाते हैं कि ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है। यह पहल जल संरक्षण, जैव विविधता और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
