Rajasthan News: जयपुर, 14 जुलाई। राजस्थान में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी जिले में गंभीर अपराध होता है तो उसकी जवाबदेही संबंधित आईजी और एसपी की होगी।
अपराधियों में कानून का डर दिखना चाहिए
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए कि उनमें कानून का भय स्पष्ट दिखाई दे। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराध की जड़ तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को खत्म करना आवश्यक है।
ड्रग्स, गैंगस्टर और साइबर अपराध पर विशेष फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने नशा तस्करी, संगठित अपराध और साइबर अपराधों पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि—
- ड्रग्स तस्करों और गैंगस्टरों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।
- अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई हो।
- साइबर पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाए।
- डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ तेज अभियान चलाया जाए।
अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अपराधियों के सोशल मीडिया नेटवर्क और उनकी आर्थिक गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने हवाला कारोबार, भू-माफिया और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई तेज करने तथा ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्तियां जब्त कर ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों को अत्यंत गंभीर बताते हुए ऐसे मामलों में त्वरित जांच, सख्त कार्रवाई और दोषियों को शीघ्र सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में नियमित सीएलजी (Community Liaison Group) बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया, ताकि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
हालिया घटनाओं पर भी मांगा जवाब
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अलवर, श्रीगंगानगर और भरतपुर में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया। वहीं, गोगुंदा में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
