Punjab News:पंजाब में SIR अभियान को मिली रफ्तार, 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने जमा किए गणना प्रपत्र

पंजाब
Spread the love

Punjab News:पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को तेज गति मिली है। राज्यभर में 11 और 12 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) जमा किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने प्रपत्र जमा करा चुके हैं।

राज्यभर के मतदान केंद्रों पर लगे विशेष शिविर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11 और 12 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंजाब के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों में मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास जमा किए।

24 जुलाई तक जारी रहेगा घर-घर सर्वे अभियान

सीईओ अनिंदिता मित्रा ने कहा कि घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने का अभियान अभी भी जारी है और यह 24 जुलाई 2026 तक चलेगा। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, उनसे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।

3 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी पात्र मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने गणना प्रपत्र जमा कराएं, ताकि उनका नाम 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रह जाए और सभी नागरिकों का विवरण समय पर अद्यतन हो सके।