Uttarakhand News:देहरादून में छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ, उत्तराखंड बना केंद्र के साथ साझेदारी करने वाला पहला राज्य

उत्तराखंड
Spread the love

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ किया। 11 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, लोक कलाकारों और उद्यमियों को अपनी कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद और व्यंजनों के प्रदर्शन का साझा मंच मिला है।

केंद्र के साथ साझेदारी करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व के आयोजन में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता और विकासोन्मुखी सोच का प्रमाण है।

150 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी भारत की सांस्कृतिक विविधता

महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य शिल्पकारों और लोक कलाकारों को नया बाजार और बेहतर पहचान उपलब्ध कराना है।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

लोक संस्कृति के संरक्षण पर मुख्यमंत्री का जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की विविध भाषाएं, लोक परंपराएं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं, बल्कि कारीगरों और युवा उद्यमियों को आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘एक जनपद दो उत्पाद (ODOP)’ जैसी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

अल्पसंख्यक समाज के सशक्तिकरण पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्रवृत्ति, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री हुनर योजना और अल्पसंख्यक क्षेत्रों के विकास जैसी योजनाओं के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही मदरसों में आधुनिक तकनीक और आईटी आधारित शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कारीगरों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच: किरेन रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व केवल एक प्रदर्शनी नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक कौशल और कारीगरों के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (PM VIKAS) योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव शिल्पकारों और हस्तशिल्पियों को ब्रांडिंग, विपणन और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देशभर के कलाकार और शिल्पकार हुए शामिल

कार्यक्रम में केंद्रीय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों, हस्तशिल्पियों, उद्यमियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सरकार ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे महोत्सव में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीद के माध्यम से शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करें।