Senior journalist Garima Singh has resigned from ‘News24’

News24: न्यूज24 से अलग हुईं सीनियर एंकर गरिमा सिंह, नई पारी जल्द!

TV
Spread the love

News24: हिंदी न्यूज चैनल News24 से एक अहम खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ टीवी पत्रकार और सीनियर न्यूज एंकर गरिमा सिंह ने चैनल से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लगभग तीन वर्ष पहले सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर News24 की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान वह चैनल के चर्चित प्राइम टाइम शो ‘सबसे बड़ा सवाल’ की एंकरिंग कर रही थीं।

फिलहाल उनके इस्तीफे की वजह और आगे की पेशेवर पारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

News24 से पहले गरिमा सिंह भारत एक्सप्रेस में एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत थीं। वहां उन्होंने प्राइम टाइम शो ‘सत्य’ के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। इससे पहले वह सहारा मीडिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं, जहां उन्हें सहारा समय राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर चैनलों का चैनल हेड बनाया गया था।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली गरिमा सिंह को टीवी पत्रकारिता में दो दशक से अधिक का अनुभव है। तेज-तर्रार डिबेट के दौर में भी उनकी शांत, संतुलित और प्रभावशाली एंकरिंग शैली उन्हें अन्य एंकरों से अलग पहचान दिलाती रही है। कठिन और तीखे सवालों को गरिमापूर्ण अंदाज में रखने की उनकी शैली को दर्शकों और मीडिया जगत में हमेशा सराहा गया है।

गरिमा सिंह ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2003 में दैनिक जागरण से रिपोर्टर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने टोटल टीवी में करीब तीन वर्षों तक क्राइम रिपोर्टिंग की और वर्ष 2008 में लाइव इंडिया से जुड़ गईं। अपने करियर में वह पी7 न्यूज, नेटवर्क18, समाचार प्लस और जी न्यूज जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।

इसके अलावा वह अंग्रेजी अखबार और डिजिटल प्लेटफॉर्म The Capital Post की एडिटर-इन-चीफ भी रह चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने उमा भारती, साक्षी महाराज, जनरल वी.के. सिंह, आरिफ मोहम्मद खान, अन्नू कपूर और लद्दाख के सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल सहित कई प्रमुख हस्तियों के चर्चित इंटरव्यू किए। किसान आंदोलन के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत के साथ उनका इंटरव्यू भी काफी सुर्खियों में रहा और सोशल मीडिया पर लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा।

पत्रकारिता में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2015 में उन्हें बेस्ट एंकर सम्मान से भी नवाजा गया। खबरों के साथ-साथ गरिमा सिंह साहित्य में भी रुचि रखती हैं और कविताएं लिखती हैं।

News24 पर प्रसारित विशेष कार्यक्रम ‘इंडियाज टाइगर’ में भी गरिमा सिंह ने अपनी अलग छाप छोड़ी। देश के अनसुने नायकों की कहानियों पर आधारित इस शो में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ऐतिहासिक भूमिका निभाकर भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था।