Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने सभी पत्रकारों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि तेज़ी से विकास की नई ऊंचाइयों को छूने वाला प्रदेश भी बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों के पत्रकारों का उत्तराखंड भ्रमण राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और विकास यात्रा को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर दिया विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और धार्मिक स्थलों के कारण देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। चारधाम, पंचकेदार, पंचबदरी, पंचप्रयाग, हेमकुंड साहिब, पूर्णागिरि, जागेश्वर, आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ एडवेंचर, ईको, वेलनेस, ग्रामीण और होमस्टे आधारित पर्यटन को भी लगातार बढ़ावा दे रही है।
पर्यटन और आधारभूत ढांचे में तेजी से हो रहा विकास
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद वैश्विक पहचान मिली है, जिससे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में 25 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे हैं। राज्य सरकार वर्षभर पर्यटन (Round the Year Tourism) को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है, जबकि केदारनाथ और बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत दोनों धामों में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और निवेश को नई गति मिल रही है।
सुशासन, निवेश और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए निवेश, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, कृषि, बागवानी और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
पत्रकारों को बताया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ, महाकुंभ में आने का दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि उनके माध्यम से समाज तक सही और सकारात्मक जानकारी पहुंचती है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ से आए पत्रकार उत्तराखंड की विकास यात्रा और पर्यटन संभावनाओं को देशभर तक पहुंचाएंगे। साथ ही उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़वासियों को आगामी महाकुंभ में देवभूमि उत्तराखंड आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का महान पर्व है, जिसमें देशभर के श्रद्धालुओं के साथ छत्तीसगढ़ के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होकर उत्तराखंड की आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत का अनुभव करें।
