Punjab News: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मोहाली स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIMS) द्वारा संचालित ऑटिज्म एवं न्यूरोडेवलपमेंटल डिसऑर्डर्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपचार, अनुसंधान और पुनर्वास सेवाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को बच्चों और उनके अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह सेंटर पंजाब में ऑटिज्म और अन्य न्यूरोडेवलपमेंटल विकारों से प्रभावित बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आधुनिक चिकित्सा, थेरेपी और पुनर्वास सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी क्षमताओं का बेहतर विकास कर सकें।
उन्होंने कहा कि ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों को समय पर विशेषज्ञ उपचार और उचित मार्गदर्शन मिलने से उनके सामाजिक, व्यवहारिक और शैक्षणिक विकास में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
अनुसंधान और प्रशिक्षण सुविधाओं का होगा विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र के संचालन में डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, मोहाली की भूमिका की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग इस परियोजना को हरसंभव सहयोग देगा।
उन्होंने बताया कि भविष्य में केंद्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम, शोध गतिविधियों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि यह संस्थान पंजाब में ऑटिज्म उपचार और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बन सके।
विशेष उपचार सेवाएं उपलब्ध
केंद्र में वर्तमान में स्पीच थेरेपी, सेंसरी इंटीग्रेशन थेरेपी, प्ले थेरेपी और क्लिनिकल असेसमेंट जैसी विशेष सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार की योजना आने वाले समय में यहां और उन्नत उपचार एवं अनुसंधान सुविधाएं विकसित करने की है, जिससे ऑटिज्म और अन्य न्यूरोडेवलपमेंटल विकारों से प्रभावित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
