Punjab News

Punjab News: पंजाब पुलिस का बड़ा अभियान: 534 ठिकानों पर छापेमारी, 297 गिरफ्तार; नशा विरोधी कार्रवाई में 187 तस्कर भी दबोचे

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब पुलिस ने राज्य को अपराध और नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत शुक्रवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के सहयोगियों के 534 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 164वें दिन हुई इस कार्रवाई में 297 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच हथियार भी बरामद किए गए।

20 जनवरी से चल रहा है अभियान

पंजाब पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया था। अभियान का उद्देश्य राज्य को गैंगस्टर गतिविधियों से मुक्त करना है।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय में सभी जिला पुलिस इकाइयां लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।

अब तक 43 हजार से अधिक गिरफ्तारियां

पुलिस के अनुसार, अभियान के 164वें दिन 297 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 43,127 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

इसके अलावा पुलिस ने 206 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, जबकि दो भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया।

आम जनता से मांगी सहयोग की अपील

पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से साझा करें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान भी जारी

गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 489वें दिन भी राज्यभर में विशेष अभियान चलाया।

इस दौरान 187 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 712 नशीली गोलियां तथा 22,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक कुल 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नशा मुक्ति के लिए भी जारी प्रयास

नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि लोगों को नशा छोड़ने के लिए भी प्रेरित कर रही है। शुक्रवार को 12 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर उपचार प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया।

पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में अपराध और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।