हिंदी समाचार जगत में अपनी विश्वसनीय और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचान बना चुके प्राइम न्यूज़ (Prime News) ने सफलता के 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस खास अवसर पर चैनल परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबंधन और कर्मचारियों ने मिलकर 11 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया।
वरिष्ठ प्रबंधन ने साझा किया सफलता का सफर
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर-इन-चीफ मनीष कुमार पाण्डेय, संपादक संजय त्रिपाठी, सीईओ (मार्केटिंग एंड स्ट्रैटजी) राजीव केंटल और सीएफओ रितेश मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मनीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्राइम न्यूज़ के 11 वर्षों का सफर पूरी टीम की मेहनत और दर्शकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की शुचिता और विश्वसनीयता को बनाए रखते हुए चैनल आगे भी भरोसेमंद पत्रकारिता का मजबूत उदाहरण पेश करता रहेगा।
संपादक संजय त्रिपाठी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कंटेंट और खबरों की विश्वसनीयता ही प्राइम न्यूज़ की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संपादकीय टीम की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में टीम ने जिम्मेदारी के साथ काम किया है।
सीईओ राजीव केंटल ने कहा कि बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य में प्राइम न्यूज़ ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है और आने वाले समय में नई रणनीतियों के जरिए दर्शकों तक अपनी पहुंच को और व्यापक बनाया जाएगा।
वहीं, सीएफओ रितेश मिश्रा ने कहा कि चैनल की निरंतर प्रगति के पीछे पूरी टीम का अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत है। उन्होंने कर्मचारियों के योगदान को संस्थान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
केक कटिंग के साथ मनाया जश्न
वरिष्ठ अधिकारियों के संबोधन और विशेष वीडियो प्रस्तुति के बाद पूरे स्टाफ ने मिलकर केक काटा और 11 वर्षों की सफलता का जश्न मनाया। समारोह में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
‘एम्प्लॉई ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित हुए कर्मचारी
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा ‘एम्प्लॉई ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड समारोह रहा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
- प्रथम पुरस्कार: साक्षी शर्मा (वीडियो एडिटिंग हेड) – ₹25,000
- द्वितीय पुरस्कार: शत्रुघ्न ठाकुर (आईटी हेड) – ₹15,000
- तृतीय पुरस्कार: विशाल शर्मा (डिजिटल टीम सदस्य) – ₹10,000
इसके अलावा प्राइम न्यूज़ प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए विशेष उपहार देकर सम्मानित किया।
संगीत और उत्सव के माहौल में समाप्त हुआ समारोह
औपचारिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह के बाद पूरा आयोजन उत्सव में बदल गया। डीजे की धुनों पर कर्मचारियों और प्रबंधन ने जमकर डांस किया और एक-दूसरे के साथ 11 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न साझा किया।
यह आयोजन केवल चैनल की वर्षगांठ का उत्सव नहीं था, बल्कि पूरी प्राइम न्यूज़ फैमिली के बीच टीमवर्क, आपसी विश्वास और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का भी अवसर बना।
