Noida

Noida: नोएडा में CP लक्ष्मी सिंह के आदेश पर कई पुलिस अधिकारियों के तबादले, पढ़िये कौन कहां गए

नोएडा
Spread the love

Noida: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार कुल 13 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इस बदलाव में जेवर, सूरजपुर, कासना, नॉलेज पार्क, फेस-1 और सेक्टर-142 जैसे महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी भी बदले गए हैं।

जेवर, सूरजपुर और नॉलेज पार्क थानों में नई तैनाती

जारी आदेश के मुताबिक, निरीक्षक संजय कुमार को जेवर थाना प्रभारी के पद से हटाकर सूरजपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं इकोटेक-3 में तैनात अजय कुमार सिंह को जेवर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। सूरजपुर थाना प्रभारी रहे विनोद कुमार चाहर अब नॉलेज पार्क थाने की कमान संभालेंगे।

नॉलेज पार्क थाना प्रभारी सर्वेश चन्द्र को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं एएचटी में तैनात विध्यांचल तिवारी को साइबर क्राइम थाना भेजा गया है। अपराध शाखा में कार्यरत रणजीत कुमार सिंह को इकोटेक-3 थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कासना, फेस-1 और सेक्टर-142 में भी बदलाव

कमिश्नरेट ने कासना और फेस-1 थानों में भी बदलाव किया है। कासना थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल अब फेस-1 थाने का नेतृत्व करेंगे, जबकि शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात पंकज शर्मा को कासना थाना प्रभारी बनाया गया है।

सेक्टर-142 थाने में भी नई तैनाती की गई है। विनोद कुमार मिश्र को पुलिस लाइन भेज दिया गया है और उनकी जगह संजय कुमार को सेक्टर-142 थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आईटी सेल, शिकायत प्रकोष्ठ और मीडिया सेल में नई जिम्मेदारियां

फेस-1 थाना प्रभारी अमित कुमार मान को आईटी सेल, सेंट्रल नोएडा भेजा गया है। वहीं आईटी सेल में कार्यरत पुष्पराज सिंह को प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ बनाया गया है। इसके अलावा आईजीआरएस सेल के प्रभारी उमेश नैथानी को मीडिया सेल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विभिन्न थानों में कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव से जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।