Uttarakhand News: चंपावत को मिली अत्याधुनिक MRI मशीन, स्वास्थ्य सेवाओं को नई ताकत

दिल्ली NCR
Spread the love

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया।

सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमआरआई मशीन की स्थापना से चंपावत ही नहीं, बल्कि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी में कमी आएगी।

स्वास्थ्य अवसंरचना पर 40 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण जारी है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग सुविधा विकसित की जा रही है।

नर्सिंग शिक्षा और पैरामेडिकल कॉलेज पर भी फोकस

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 129 बेड वाले छात्रावास का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

आयुष्मान योजनाओं से मिल रहा मुफ्त इलाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी भी परिवार के इलाज में बाधा न बने। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को कैशलेस और निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वस्थ उत्तराखंड से ही बनेगा विकसित उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने लोगों से आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।