Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: योग को जीवन का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

योग भारत की अमूल्य विरासत

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की सनातन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है।

स्वस्थ आयु के लिए योग है जरूरी

इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग हर आयु वर्ग के लिए सबसे सरल और प्रभावी उपाय बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाता है।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रस्ताव को मिले अभूतपूर्व समर्थन ने साबित कर दिया कि दुनिया भारतीय ज्ञान परंपरा और योग की शक्ति को स्वीकार कर चुकी है।

कई बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, अनिद्रा और मोटापे जैसी जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं से बचाव में योग बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी आज योग को बेहतर स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार मान रहा है।

योग शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने योग को समाज कल्याण विभाग से चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस निर्णय से योग शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी।

बच्चों और युवाओं से विशेष अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं और विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मदद करता है।

स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को किया याद

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। योग को घर-घर तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जनजातीय युवाओं की सफलता का भी किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 की गई हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में जनजातीय वर्ग के 13 युवाओं द्वारा यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा पास करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।