Uttrakhand News: पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर बोले सीएम धामी, विकसित भारत का सपना हो रहा साकार

उत्तराखंड
Spread the love

Uttrakhand News: देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें और देशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत-2047 का संकल्प अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड भी विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है और राज्य का नवोदय तेजी से आगे बढ़ रहा है।

जनकल्याण योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए हैं। 81 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इसके साथ ही मुद्रा योजना के तहत 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गारंटी मुक्त ऋण देकर लाखों लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं।

उन्होंने बताया कि देश में नल से जल पहुंचाने की दिशा में भी ऐतिहासिक काम हुआ है। जहां पहले केवल 3.2 करोड़ घरों तक पेयजल पहुंचता था, वहीं अब 16 करोड़ घरों तक नल से पानी की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है। मेट्रो नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है और अब 26 शहर मेट्रो सेवा से जुड़ चुके हैं।

दुनिया में बढ़ा भारत का प्रभाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत डिजिटल तकनीक, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में दुनिया को दिशा दे रहा है। दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का 56 प्रतिशत अकेले भारत में हो रहा है। रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और निर्यात में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन देने जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने नारी शक्ति को मजबूत किया है। वहीं देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।

उत्तराखंड को मिला विकास का बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में उत्तराखंड को सबसे अधिक लाभ मिला है। राज्य में केंद्र सरकार के सहयोग से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ने यात्रा को आसान बना दिया है।

इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर, पौंटा साहिब-देहरादून, भानियावाला-ऋषिकेश, काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास और रुद्रपुर बाईपास जैसी परियोजनाओं पर भी काम जारी है।

रेल, हवाई सेवा और पर्यटन को मिला बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूरी होने की ओर बढ़ रही है। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को भी मंजूरी मिल चुकी है। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

हवाई सेवाओं में भी विस्तार हुआ है। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विकास किया गया है। उड़ान योजना के तहत 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।

आध्यात्मिक और पर्यटन विकास को मिली नई दिशा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं, मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई पहचान दे रही हैं। साथ ही जमरानी, सौंग और लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजनाओं से सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के अमृतकाल में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सहभागी बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।