Uttrakhand News: देहरादून में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में राज्य की प्रमुख विकास और अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। प्रगति पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस बैठक में परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और अन्य विभागों की कुल 6940 करोड़ रुपये लागत वाली 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी विभागों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।
परियोजनाओं की निगरानी होगी और सख्त
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा हर महीने मुख्यमंत्री स्तर पर और हर 10 दिन में मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी परियोजना में अनावश्यक देरी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।
भूमि और वन स्वीकृतियों के मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई परियोजनाएं भूमि हस्तांतरण, वन स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान जैसे मामलों के कारण प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ऐसे लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए और विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
उन्होंने जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में लंबित मामलों की व्यक्तिगत निगरानी करें और समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
इन प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, ताड़ीखेत डिपो एवं कार्यशाला, बनबसा और रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा चारधाम सड़क परियोजनाएं, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क परियोजना तथा हरिद्वार और काशीपुर क्षेत्र की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमावर्ती क्षेत्रों की सड़क परियोजनाएं, बिजली व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं राज्य के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए और नियमित निगरानी के माध्यम से तेजी से काम पूरा कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की गति बनाए रखना और जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
