Chhattisgarh News: किरंदुल में 7.19 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी नई सौगातें

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान किरंदुल नगर को विकास की कई नई सौगातें दीं। उन्होंने 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 3 करोड़ 4 लाख 9 हजार रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजोन में बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर ब्वाय चेंदरू की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

ऑक्सीजोन पार्क और स्वच्छता संसाधनों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 3 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 15वें वित्त आयोग के तहत खरीदी गई बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर नगर पालिका को सौंपे। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

अरुण साव ने कहा कि ऑक्सीजोन पार्क केवल एक पार्क नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिलेगा।

सड़क और अधोसंरचना विकास को मिलेगा बढ़ावा

उप मुख्यमंत्री ने नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण और विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर सड़क सुविधा, स्वच्छ वातावरण और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में उन्होंने बस पार्किंग और स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड एवं विद्युत व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये की स्वीकृति दी। इसके अलावा एक अन्य सीसी रोड निर्माण के लिए 27 लाख रुपये मंजूर किए गए। नगर पालिका की मांग पर 3 करोड़ 72 लाख रुपये के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई। साथ ही नए विकास कार्यों के लिए अलग से 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।

पेयजल और शहरी विकास पर विशेष फोकस

अरुण साव ने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल और बचेली तक पेयजल आपूर्ति की संभावनाओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिलकर इसकी तकनीकी और व्यवहारिक संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा ताकि क्षेत्र में स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित की जा सके।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकसित और आधुनिक नगर बनाने की दिशा में प्रयास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है। बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और शहरी विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

उन्होंने किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं के बीच बसा यह नगर प्रदेश के सबसे सुंदर शहरों में से एक है। सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए किरंदुल को एक आदर्श और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।