Chhattisgarh News: रायपुर, 7 जून 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जगदलपुर में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने विभागवार समीक्षा करते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
समय पर पूरे हों निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने कहा कि जिन परियोजनाओं की समय-सीमा निर्धारित की गई है, उन्हें उसी अवधि में पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी तकनीकी और प्रशासनिक क्षमता का पूरा उपयोग कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना का डीपीआर तैयार करते समय वन स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण, बिजली के खंभों की शिफ्टिंग और अतिक्रमण हटाने जैसी संभावित समस्याओं का समाधान पहले से सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर फोकस
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों की काउंसलिंग करने और जनप्रतिनिधियों व पार्षदों के सहयोग से पात्र परिवारों को आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया।
अरुण साव ने स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जल संरक्षण और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा
उप मुख्यमंत्री ने शहरों में नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान देने और बारिश से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और तालाबों की सफाई में नवाचार अपनाने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय निकायों को राजस्व बढ़ाने और नए आय स्रोत विकसित करने के लिए भी निर्देशित किया।
जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित नल जल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए ग्रामीणों को नियमित जल कर जमा करने के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि जल प्रदाय योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए सामुदायिक भागीदारी जरूरी है। इसके साथ ही बरसात से पहले जल स्रोतों के क्लोरीनेशन और पानी की टंकियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

विकास और जनहित पर सरकार का फोकस
बैठक में डिप्टी सीएम अरुण साव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।

