Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से आई दर्दनाक खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है। कासना थाना क्षेत्र के सेक्टर ओमीक्रॉन-1ए स्थित लोहिया एनक्लेव सोसाइटी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन फ्लैट की 15वीं मंजिल से गिरकर 4 वर्षीय मासूम बच्चे ‘अंश’ की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
सोसाइटी के टॉवर-D के एक फ्लैट में इन दिनों रेनोवेशन का काम चल रहा था। मूल रूप से बलिया के रहने वाले अरुण अपनी पत्नी के साथ फ्लैट में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका 4 साल का बेटा अंश खेलते-खेलते अचानक बालकनी की तरफ चला गया। बालकनी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण बच्चा अनियंत्रित होकर सीधे 15वीं मंजिल से नीचे जा गिरा।
परिजनों ने नहीं की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित परिवार ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए और बिना किसी लिखित शिकायत के मासूम के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले लिया है।
पुलिस का बयान
कासना थाना पुलिस के मुताबिक, मामला संज्ञान में है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यदि परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इस सोसाइटी के कई फ्लैट्स सीआईएसएफ और अन्य एजेंसियों को हैंडओवर किए जा रहे हैं, जिसके चलते यहाँ बड़े पैमाने पर रेनोवेशन का काम चल रहा है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने ना सिर्फ सोसायटी बल्कि परिजनों को वो दुख दिया है जिसका दर्द शायद ही भर पाए।
