Bihar News: पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार लगातार बिहार को बड़ी सौगातें दी हैं।
Bihar News: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और बिहार के सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की डबल इंजन सरकार ने बिहार के विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का सिलसिला जारी रखा है। बीते 15 दिनों में बिहार को कई बड़ी सौगातें मिली हैं, जिनका असर हर जिले में दिख रहा है। नए पुल, मेट्रो, एलिवेटेड सड़कें, डबल डेकर फ्लाईओवर और बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं बिहार की तस्वीर बदल रही हैं। पढ़िए पूरी खबर…

सिवान से विकास की नई शुरुआत
आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सिवान (Siwan) में 28 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें पटना-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन, सीवरेज नेटवर्क, जलापूर्ति परियोजनाएं और 5900 करोड़ रुपये की ‘नमामि गंगे’ योजनाएं शामिल हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 53,666 लाभार्थियों को पहली किस्त प्रदान की गई, जिससे वे अपना पक्का घर बना सकें। अब तक इस योजना से राज्य में 57 लाख से अधिक घर बन चुके हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाओं के नाम पर हैं।
यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक सम्मान बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है, जो प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की साझा सोच को दर्शाता है।
ये भी पढ़ेंः Bihar News: अब ड्राइविंग सीट पर महिलाएं: राज्य में तेजी से बढ़ रही भागीदारी
साफ जल और स्वच्छता के लिए बड़ी पहल
राज्य के कई जिलों बेगूसराय, आरा, सीवान, बक्सर, सासाराम और छपरा में जलापूर्ति परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। साथ ही मोतिहारी, रक्सौल, सासाराम, सीवान और आरा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स बनाए जा रहे हैं। ये सभी परियोजनाएं ‘नमामि गंगे’ मिशन के अंतर्गत संचालित हो रही हैं, जिनसे स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को नई दिशा मिलेगी।
पटना को डबल डेकर फ्लाईओवर की सौगात
बीते दो हफ्तों में राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कई अहम परियोजनाएं शुरू हुई हैं। पटना मेट्रो प्रोजेक्ट को नई गति मिली है। वहीं पटना-गया एलिवेटेड रोड और दानापुर-खगौल फ्लाईओवर का कार्य तेज हुआ है। बक्सर, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में नए पुलों की आधारशिला रखी गई है।
राज्य को 500 मेगावाट की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली भी मिली है, जिससे बिजली आपूर्ति की स्थिरता सुनिश्चित होगी। यह प्रणाली बिहार के कई ग्रिड सब-स्टेशनों पर स्थापित की जाएगी।
पीएम मोदी बोले- ‘अभी बहुत कुछ करना बाकी है’
सिवान की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पिछले 10 वर्षों में बिहार को 55 हजार किलोमीटर से ज्यादा ग्रामीण सड़कों से जोड़ा गया है और 1.5 करोड़ घरों को बिजली व पानी का कनेक्शन दिया गया है। लेकिन मोदी इतने से संतुष्ट नहीं है, मुझे बिहार के लिए अभी बहुत कुछ करना है।’
नीतीश कुमार का नेतृत्व और बिहार की प्रगति
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को आधारभूत संरचना, ट्रांसपोर्ट और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां मिली हैं। राज्य में अब तक 45 हजार से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर खुल चुके हैं, जो ग्रामीण भारत को डिजिटल इंडिया से जोड़ते हैं।
ये भी पढ़ेंः Bihar News: महिला संवाद के जरिए नए आयाम गढ़ रहा बिहार
‘बिहार की तरक्की, भारत की ताकत’: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत जल्द ही वैश्विक महाशक्ति बनेगा और इसमें बिहार की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार की तरक्की में ही देश की तरक्की है।
पिछले 15 दिनों में बिहार ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, वह डबल इंजन सरकार की दूरदर्शिता और ज़मीनी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। चाहे वह सड़क हो, रेल, बिजली, पानी, आवास या स्वच्छता हर क्षेत्र में योजनाएं न केवल घोषित हो रही हैं, बल्कि धरातल पर उतर रही हैं।
