Jaipur

Jaipur: सिनेमा और ओटीटी के लिए अच्छे राइटर्स की बहुत जरूरत है: विभा सिंह

राजस्थान
Spread the love

Jaipur News: ओटीटी शो हीरामंडी, ग्रहण और फिल्मों मर्दानी-1, किस्मत कनेक्शन और हाउसफुल-1 की लेखिका विभा सिंह का कहना है कि फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री में अच्छे लेखकों की काफी जरूरत है।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan: 108 कुण्डीय महायज्ञ सम्पन्न, गृह मंत्री अमित शाह और CM भजनलाल हुए शामिल

जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय ‘कथा कहन’ कार्यशाला में नवोदित कहानीकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी लेखक को अपनी कहानी के पहले ड्राफ्ट को अस्वीकार करने और उसे दोबारा बेहतर तरीके से लिखने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। इसी प्रक्रिया से लेखन में निखार आता है।

‘कथा कहन’ कार्यशाला का आयोजन जयपुर के कानोता कैंप रिसॉर्ट में किया गया, जिसका उद्देश्य हिंदी में कहानी, उपन्यास, फिल्म स्क्रिप्ट और रेडियो कहानी लिखने के गुर सिखाना था। इस आयोजन को प्रसिद्ध लेखिका मनीषा कुलश्रेष्ठ पिछले पांच वर्षों से कर रही हैं।

इस बार कार्यशाला में विभा सिंह के साथ अभिनेत्री और लेखिका वाणी त्रिपाठी टिक्कू ने प्रतिभागियों को स्क्रीनप्ले लेखन का प्रशिक्षण दिया। साथ ही प्रसिद्ध साहित्यकार सूर्यबाला, उर्मिला शिरीष, प्रबोध गोविल और नंद भारद्वाज ने भी अपने लेखन अनुभव साझा किए।

रेडियो के चर्चित चेहरे युनूस खान और उनकी पत्नी ‘रेडियो सखी’ ममता सिंह ने ऑडियो कहानी लिखने और प्रस्तुति के टिप्स दिए।

कार्यशाला में युवा लेखकों नवीन चौधरी, गौतम राजऋषि, पंकज दुबे और कुश वैष्णव ने पॉपुलर कहानी लेखन पर चर्चा की।

प्रतिभागियों को प्रसिद्ध चित्रकार अखिलेश की पेंटिंग्स देखने और उनसे संवाद करने का अवसर भी मिला।

कार्यक्रम में वाणी प्रकाशन की अदिति माहेश्वरी और अनबाउंड स्क्रिप्ट के आलिंद ने लेखकों को अपनी रचनाएं प्रकाशित कराने की प्रक्रिया समझाई।

ये भी पढ़ेंः Rajasthan: राजस्थान के कैंसर मरीजों को मिली राहत, भजनलाल सरकार ने दी बड़ी सौगात

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में ‘कथा कहन’ की पिछली कार्यशालाओं में भाग लेने वाले लेखकों के कहानी संग्रह धनक का विमोचन भी किया गया।

सत्र के अंत में कनुप्रिया कुलश्रेष्ठ ने बच्चों की कहानियां लिखने और किताबों के आकर्षक आवरण डिजाइन करने की तकनीकों पर जानकारी दी।