AAP Meeting: केजरीवाल ने पंजाब के CM और विधायकों संग की बैठक, CM मान बोले-गुंडागर्दी की राजनीति AAP नहीं करती
AAP Meeting: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आज पार्टी को एकजुट रखने के लिए पंजाब के पार्टी विधायकों के साथ राजधानी दिल्ली में बैठक की। दिल्ली स्थित पंजाब सीएम के कपूरथला हाउस में हुई यह मीटिंग लगभग आधे घंटे चली।
ये भी पढ़ेंः Punjab: Dr. Baljit Kaur ने केंद्र से अनुसूचित जातियों के कल्याण के लिए नीतिगत सुधार की अपील की
मीटिंग में दिल्ली चुनाव को लेकर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि हमने दिल्ली में मजबूती से लड़ाई लड़ी है। पैसा, बेइमानी और गुंडागर्दी से कोई जीत गया तो अपने आपको कमजोर नहीं मानना चाहिए। हमें और मजबूत होकर अगला इलेक्शन लड़ना है। साथ ही उन्होंने विधायकों को एकजुट रहकर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रख काम करने को कहा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) ने कहा कि हम पंजाब (Punjab) को ऐसा मॉडल स्टेट बना देंगे कि इसे पूरा देश देखेगा। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि दिल्ली और पंजाब सरकार के बीच जो नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट हुआ था, वह एग्रीमेंट जारी रहेगा।

मीटिंग के बाद सीएम की बड़ी बातें
हमनें खून पसीने से बनाई है पार्टी-सीएम मान
आप (AAP) प्रमुख के साथ मीटिंग खत्म होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि दिल्ली चुनाव में गुंडागर्दी और पैसा चला। हमें हर घंटे चुनाव आयोग के पास जाना पड़ा। उन्हें बताना पड़ता था कि जैकेट बांट रहे हैं, पैसा बांट रहे हैं। इस दौरान सीएम मान (CM Mann) ने कांग्रेस के विधायकों के पार्टी बदलने और अरविंद केजरीवाल के पंजाब का CM बनने की कोशिश के आरोप पर हंसते हुए कहा कि विपक्ष पौने 3 साल से ऐसा बोल रहा है। उनसे पूछ लो, दिल्ली में उनके कितने विधायक जीते हैं? वह तो शुरू से कह रहे हैं कि 30 आ रहे हैं, 40 आ रहे हैं। हमने अपने खून पसीने से पार्टी बनाई है। कांग्रेस को ऐसे ही बोलने दो। उनके पास पार्टियां बदलने का कल्चर है। हमारे यहां ऐसा नहीं है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
पंजाब का मॉडल पूरा देश देखेगा-CM मान
सीएम मान (CM Mann) ने आगे कहा कि हम पंजाब को ऐसा मॉडल बना देंगे कि इसे पूरा देश देखेगा। हमारे वॉलंटियर और वर्कर डेडिकेटेड हैं। पंजाब हर लड़ाई में योगदान सबसे आगे होकर देता है, चाहे वो अनाज की कमी ही क्यों न हो। आप के भी 4 सांसद सबसे पहले पंजाब से आए थे। हम ग्राउंड से निकले हैं और पंजाब के लोगों का दिल कैसे जीतें, इसको लेकर काम करना है। हम व्यापारियों का दिल जीतना शुरू किया है। टाटा स्टील जमशेदपुर के बाद दूसरा सबसे बड़ा प्लांट पंजाब आ रहा है। नौकरियां मेरिट के आधार पर पंजाब में मिल रही हैं।
ये भी पढ़ेंः Punjab सरकार की पहल.. वृद्ध आश्रमों के लिए 4.21 करोड़ की ग्रांट जारी की
सीएम मान बोले-हम गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। चाहे वो बिजली, शिक्षा, मेडिकल, या सड़कें बनाना ही क्यों न हो। हम आगे भी ऐसे ही काम जारी रखेंगे। 10 साल में दिल्ली के लोग भी कह रहे हैं है कि हमने पहले ऐसा काम नहीं देखा। दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक को हम पंजाब में आम आदमी पार्टी क्लिनिक के नाम से जानते हैं। इनकी संख्या 850 से अधिक हैं। स्कूल ऑफ एमिनेंस भी है, वहां कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कराते हैं। हम गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते।
हमारे साथियों ने दिल्ली में मेहनत की
मीटिंग के बाद पंजाब के सीएम ने कहा कि पंजाब के हमारे साथियों ने दिल्ली में बहुत मेहनत की थी। सभी मंत्री और विधायक यहां पहुंचे थे। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मीटिंग में आए थे। उनका शुक्रिया अदा किया गया।
विधायकों ने पहले ही कहा- CM नहीं बदलेगा
वहीं इस मीटिंग के शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी पंजाब के विधायकों ने साफ कर दिया था कि उन्हें मीटिंग का एजेंडा नहीं बताया गया था। लेकिन, इतना तय है कि न तो पंजाब में सीएम भगवंत सिंह मान को बदला नहीं जाएगा और न ही कोई विधायक टूटेगा।
पंजाब AAP प्रधान बोले-एकजुट है पार्टी
पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब के काफी लोगों ने दिल्ली चुनाव में प्रचार किया था। उनका धन्यवाद करने के लिए अरविंद केजरीवाल ने नेताओं को दिल्ली बुलाया था। आप प्रमुख केजरीवाल साहब दो चार महीने बाद नेताओं को बुलाकर बातचीत करते रहते है। कैसे पंजाब में गवर्नेंस को सही किया जाए। वह खुद 2007-08 से इस चीज को देख रहे हैं। वहीं अमन अरोड़ा ने कहा कि पार्टी एकजुट है।
5 में से 4 गारंटी हमनें पंजाब में पूरी की-मंत्री चीमा
पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दिल्ली चुनाव में काम किया था। उनका धन्यवाद करने के लिए आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने बुलाया था। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली और पंजाब सरकार के बीच जो नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट हुआ था, उसका क्या होगा। इस पर उन्होंने कहा कि एग्रीमेंट जारी रहेगा। मंत्री चीमा ने आगे कहा कि 5 में से 4 गारंटियां हमने 3 साल के अंदर पंजाब में पूरी कर दी हैं। महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए देने की एक गारंटी बाकी रहती है, उसे भी हम बहुत जल्द पूरा करेंगे। वहीं, उन्होंने दावा किया कि मीटिंग में सारे विधायक मौजूद थे।
