UP News

UP News: सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी को बड़ी सफलता, 6,650 करोड़ के निवेश पर मुहर

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे का पहला दिन उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी सफलता लेकर आया। सिंगापुर में यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ 6,650 करोड़ रुपये के तीन अहम एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन हुए। इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में बड़े स्तर पर विकास कार्य होंगे और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की मजबूत नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देगी।

जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगी अंतरराष्ट्रीय टाउनशिप

पहली बड़ी परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के पास विकसित की जाएगी। करीब 100 एकड़ जमीन पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग टाउनशिप बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 12,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसे 2027 तक शुरू करने की योजना है।

यह परियोजना जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र को एक नई पहचान देगी और शहरी विकास को बढ़ावा देगी।

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बनेगा लॉजिस्टिक्स पार्क

दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ जमीन में लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने की है। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस प्रोजेक्ट से लगभग 7,500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

यह लॉजिस्टिक्स पार्क प्रदेश में औद्योगिक और निर्यात गतिविधियों को तेज करेगा और व्यापार को नई गति देगा।

नोएडा में बनेगा हाइपरस्केल डेटा सेंटर

तीसरी परियोजना नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ जमीन पर हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित करने की है। इसमें 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 1,500 युवाओं को रोजगार मिलेगा।

यह डेटा सेंटर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला होगा और इसे 2028 तक शुरू करने की योजना है। इससे उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख डेटा सेंटर हब के रूप में उभरेगा।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा मजबूती

इन तीनों परियोजनाओं से न केवल बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह सिंगापुर दौरा निवेश आकर्षित करने और उत्तर प्रदेश को ग्लोबल निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।