Punjab

Punjab News: CM मान ने दोहराया नशा तस्करों के बड़े ‘जनरलों’ के साथ कोई रहम नहीं किया जाएगा

पंजाब राजनीति
Spread the love

कहा खुद को अजेय समझने वालों को सलाखों के पीछे डाला

गद्दारों को सबक सिखाने के लिए जनता से सहयोग की अपील

अकालियों और कांग्रेसी नेताओं को बताया आपसी फूट का शिकार

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज फिर दोहराया कि राज्य में नशे की लानत फैलाने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और जो खुद को अजेय मानते थे, उन नशा तस्करी के ‘जनरलों’ को जेल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: Punjab News: CM भगवंत सिंह मान ने मलेरकोटला ज़िले के लोगों को 13 करोड़ रुपये का दिया तोहफा

अहमदगढ़ और अमरगढ़ में नए तहसील कंपलेक्स का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का कारोबार उन लोगों की सरपरस्ती में फला-फूला, जिन्हें जनता ने अपनी सेवा के लिए चुना था, लेकिन बदकिस्मती से वे लोग अपनी सरकारी गाड़ियों में ही नशा सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के पास अपने शासनकाल में बहुत ताकत थी, और नशा तस्करों से मिलीभगत के बावजूद किसी की हिम्मत नहीं हुई कि उन्हें छुए। भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसे नेताओं को सलाखों के पीछे डाला क्योंकि उन्होंने नशे के कारोबार के जरिए पंजाब की युवा पीढ़ी को बर्बाद किया।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के ऐसे गद्दारों को सबक सिखाने के लिए जनता से पूरा समर्थन और सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशे के खिलाफ’ की शानदार सफलता इस बात का प्रमाण है कि राज्य की जनता इस लड़ाई में सरकार के साथ है। भगवंत मान ने कहा कि यह मुहिम आने वाले समय में भी जारी रहेगी ताकि पंजाब को नशे की लानत से मुक्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बादल-मजीठिया परिवार में सब कुछ ठीक नहीं है, क्योंकि सत्ता की लड़ाई के चलते अंदरूनी झगड़ा चरम पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल आपसी फूट के शिकार हैं क्योंकि इनके नेता आपस में सत्ता के लिए लड़ते रहते हैं। भगवंत मान ने कहा कि ये सत्ता के भूखे नेता सत्ता से बाहर होकर बेचैन हैं, क्योंकि लोगों ने आम आदमी पार्टी को चुनते हुए इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में कई जनहित फैसले लेगी, जिससे सबको लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि युवा नौकरियों की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि नौकरियां देने वाले बनें। भगवंत मान ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से एक प्रगतिशील और खुशहाल पंजाब का निर्माण समय की मांग है। बेअदबी रोकने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को विधानसभा में ‘पंजाब धार्मिक ग्रंथों संबंधी अपराधों की रोकथाम विधेयक 2025’ पेश किया गया। उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील और नाजुक मुद्दा है, जो सभी पंजाबियों को प्रभावित करता है और वर्तमान व आने वाली पीढ़ियों पर दूरगामी प्रभाव डालेगा। भगवंत मान ने जोर देकर कहा कि ऐसे घिनौने अपराधों को रोकने के लिए सख्त सजा जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, संतों और पैगंबरों की पवित्र धरती है, जिन्होंने प्रेम, सद्भावना और सहिष्णुता का संदेश दिया। उन्होंने अफसोस जाहिर किया कि कुछ पंजाब विरोधी ताकतें 2016 से धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाओं को अंजाम देकर राज्य की एकता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। भगवंत मान ने ऐसे अपराधियों को मिसाल बनने वाली सजा दिलाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

ये भी पढ़ें: Punjab News:पिछली सरकारों ने बेअदबी करने वालों को संरक्षण दिया, नया कानून दिलाएगा मिसाल के तौर पर सज़ा” – CM भगवंत सिंह मान

जनकल्याण के लिए अपनी सरकार की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के बारे में बताया कि यह देश की अपनी तरह की पहली योजना है, जो पंजाब के प्रत्येक निवासी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान करती है। उन्होंने गर्व से कहा कि पंजाब भारत का पहला राज्य बन गया है जो हर घर को इतनी व्यापक स्वास्थ्य सेवा कवरेज दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करके बड़ी राहत देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक नेताओं ने अपने संदेहास्पद चरित्र के कारण अपनी विश्वसनीयता खो दी है और जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस और अकाली नेताओं को उनके पंजाब विरोधी और जनविरोधी रवैये के चलते बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भगवंत मान ने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि राज्य की जनता ने भारी बहुमत देकर उनकी सरकार को इतना प्यार और समर्थन दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने 36 महीनों से अधिक कार्यकाल में 55,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता पर आधारित रही है। भगवंत मान ने कहा कि इस प्रक्रिया ने युवाओं का राज्य सरकार पर विश्वास बढ़ाया है, जिससे उन्होंने विदेश जाने का इरादा छोड़कर यहीं सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद समारोह में पहुंचे लोगों के वह ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं लोगों को समयबद्ध और नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करके उन्हें काफी लाभ देंगी। भगवंत मान ने कहा कि ऐसी आधुनिक तहसील इमारतें पूरे राज्य में लोगों की सुविधा के लिए बनाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने जनता की सेवा के लिए ऐसे किसी प्रयास की ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पहले राज्य की बागडोर गलत हाथों में थी, जिससे राज्य को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब से उनकी सरकार सत्ता में आई है, तब से वह जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ये इमारतें जनता की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आसान रजिस्ट्री और आसान जमाबंदी जैसे नवाचारी सुधार किए हैं ताकि लोग अपने घरों से ही ये सेवाएं प्राप्त कर सकें। भगवंत मान ने कहा कि ये अनोखी पहलें जनता को असुविधा से बचाने और उन्हें समय पर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है और किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हर भ्रष्ट अधिकारी को पकड़ा जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को उनके घरों में ही नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान कर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।