Punjab News (19)

Punjab News: 169 स्वरूपों की बरामदगी हमारा फर्ज, जनता के बीच बोले मुख्यमंत्री मान

पंजाब राजनीति
Spread the love

Punjab News: माघी के पवित्र अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान श्री मुक्तसर साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुद्वारा श्री टुट्टी गंढी साहिब में माथा टेका और राज्य की खुशहाली के लिए अरदास की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह को संबोधित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे, जिससे पूरा इलाका जनसैलाब से भर गया।

169 गुमशुदा स्वरूपों की बरामदगी हमारा फर्ज: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 169 गुमशुदा स्वरूपों की बरामदगी को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह कोई उपलब्धि नहीं बल्कि सरकार का कर्तव्य था। उन्होंने दो टूक कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब से जुड़ा हर मामला आस्था और सम्मान का विषय है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिलाओं को मिलेगा ₹1000 प्रतिमाह, बजट में होगा प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार आगामी बजट में महिलाओं को ₹1000 प्रति माह आर्थिक सहायता देने की योजना के लिए प्रावधान करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से जो भी वादे किए हैं, उन्हें एक-एक कर पूरा किया जा रहा है और यह योजना भी उसी दिशा में बड़ा कदम है।

सिख इतिहास और बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मुक्तसर साहिब की धरती सिख योद्धाओं के महान बलिदान की साक्षी है। उन्होंने भाई महां सिंह जी के नेतृत्व में हुए बलिदानों को याद करते हुए कहा कि यह स्थान हर सिख के दिल में बसता है और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है।

विपक्ष पर तीखा हमला, जनता को बताया सर्वोच्च

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारें केवल सत्ता के लिए राजनीति करती रहीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रतीक ‘झाड़ू’ ने व्यवस्था की गंदगी साफ की है, इसी वजह से पुरानी पार्टियां बौखलाई हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब अवसरवादी राजनीति को पहचान चुकी है।

रैली में उमड़ी भीड़ जनता के भरोसे का प्रमाण

मुख्यमंत्री ने कहा कि माघी रैली में उमड़ा जनसैलाब यह साफ दिखाता है कि लोग सरकार की नीतियों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि यह भीड़ सरकार के प्रति लोगों के प्रेम और विश्वास का प्रमाण है।

Punjab News: युवाओं को रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 63 हजार से ज्यादा युवाओं को बिना किसी सिफारिश के नौकरी दी गई है। पंजाब पुलिस को मजबूत करने के लिए 10 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा रही है। इसके साथ ही लाइब्रेरी, मुफ्त बिजली और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में बड़े काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 19 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं, जिससे लोगों के पैसे बच रहे हैं। राज्य में 881 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं और जल्द ही मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। साथ ही 49,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य जारी है।

मनीष सिसोदिया का दावा: जनता ने फिर मान को चुना

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि माघी रैली में उमड़ी भीड़ यह साफ संकेत है कि जनता ने भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि मान सरकार की नीतियों की सराहना पूरे देश में हो रही है।