Punjab News: पंजाब में नशे के मुद्दे पर राजनीति फिर से तेज हो गई है। बटाला में कांग्रेसी नेता गुरकीरत सिंह उर्फ कालू के कथित तौर पर हेरोइन लेते पकड़े जाने और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है।
धालीवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
‘आप’ पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक Kuldeep Singh Dhaliwal ने कहा कि गुरकीरत कालू वरिष्ठ कांग्रेसी नेता Sukhjinder Singh Randhawa के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिससे सवाल खड़े होते हैं।
धालीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता भाषण तो देते हैं, लेकिन उनके अपने लोग नशों से जुड़े मामलों में पकड़े जा रहे हैं।
‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान का जिक्र
धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे कोई बड़ा नेता हो या आम व्यक्ति, यदि वह नशे के कारोबार या सेवन में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। कानून अपना काम करेगा।
कांग्रेस से जवाब की मांग
धालीवाल ने कांग्रेस से जवाब मांगा है कि पार्टी के नेताओं के नाम बार-बार नशों से जुड़े मामलों में क्यों सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सच्चाई जानना चाहती है और कांग्रेस को इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
बटाला हेरोइन मामले ने पंजाब की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ ‘आप’ सरकार नशे के खिलाफ सख्ती का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है।
